इस साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हालांकि अभी तक चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है लेकिन राजनैतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी कमर कसने लगी है। संभावना जतायी जा रही है कि SIR की प्रक्रिया खत्म होने के बाद अंतिम मतदाता सूची घोषित कर दी जाएगी।
इसके बाद ही चुनावों की घोषणा भी कर दी जाएगी। उससे पहले 1 फरवरी (रविवार) को केंद्रीय बजट से पश्चिम बंगाल को काफी उम्मीदें तो थी लेकिन वित्तीय जानकारों का मानना है कि बंगाल को कुछ भी खास नहीं मिला।
कोलकाता मेट्रो के लिए भी जो आवंटन किया गया है वह भी बहुत कम माना जा रहा है। केंद्रीय बजट 2026-27 में जोका से एस्प्लेनेड तक पर्पल लाइन मेट्रो के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 914 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। वर्तमान में उस लाइन पर जोका से माझेरहाट के बीच मेट्रो का संचालन किया जाता है। माझेरहाट से एस्प्लेनेड तक अंडरग्राउंड मेट्रो के सुरंग निर्माण का काम चल रहा है। केंद्रीय बजट में उसी काम के लिए आवंटित किया गया है।
न्यू गड़िया से एयरपोर्ट तक ऑरेंज लाइन के लिए 720 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। चिंगड़ीघाटा इलाके में इस काम में कोई तेजी नहीं है। इस रूट पर सॉल्टलेक सेक्टर 5 पर भी जमीन को लेकर कुछ समस्याएं चल रही हैं।
इसके साथ ही इस्ट -वेस्ट और KMRCL की ग्रीन लाइन के लिए बजट में 500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। यलो लाइन पर बारासात में कार्शेड बनाने, भूमि अधिग्रहण समेत कई कार्यों के लिए मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्टेशन प्रोजेक्ट के लिए 2886 करोड़ रुपए आवंटित करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसका एक हिस्सा एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के बाद यलो लाइन के विस्तार के काम में खर्च होगा।