🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दहेज के लालच में तीन शादियाँ? मामला सामने आते ही तीनों पत्नियाँ थाने पहुँचीं

पुलिस सूत्रों के अनुसार अभियुक्त कोई काम नहीं करता। ससुराल से मिले दहेज के पैसों पर ही उसका गुज़ारा चलता है।

By देवार्ध्य भट्टाचार्य, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Feb 07, 2026 13:55 IST

लखनऊः छह वर्षों में उसने तीन बार शादी की। किसी भी पत्नी को अपनी पिछली शादी के बारे में नहीं बताया। किसी को तलाक भी नहीं दिया। अब जब वह चौथी बार शादी करने जा रहा था तभी उसकी ‘कारस्तानियाँ’ पत्नियों के सामने आ गईं। तीनों ने एक साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त का नाम सुनील कुमार है। वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर ज़िले के जमुरा माही गाँव का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि सुनील ने दहेज के लालच में तीन महिलाओं से शादी की।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुनील कोई काम नहीं करता और पत्नियों के मायके से मिले दहेज के पैसों पर ही उसका जीवन चलता है। पुलिस के अनुसार उसने 2019 से 2023 के बीच कुल तीन बार शादी की, लेकिन किसी भी बार उसने अपनी पिछली पत्नी से तलाक नहीं लिया। हाल ही में जब सुनील ने एक बार फिर शादी करने की पहल की तब उसकी करतूतें उजागर हो गईं। तीनों पत्नियाँ थाने पहुँचीं और शिकायत दर्ज कराई। उसी शिकायत के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों पत्नियों का आरोप है कि सुनील ने मोटी रकम और सोने के गहनों के दहेज के बदले उनसे शादी की। पहली बार 2019 में सुनील की शादी शिवानी अहिरवार से हुई थी। शादी के समय उसने पाँच लाख रुपये नकद और गहने दहेज में लिए थे। आरोप है कि इसके बाद भी वह दहेज की माँग करता रहा। माँग पूरी न होने पर उसने शिवानी को मायके भेज दिया।

इसके बाद 2021 में सुनील ने दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी राखी ने बताया कि उसकी शादी में परिवार वालों ने कुल 8 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही दहेज की माँग शुरू हो गई। सुनील ने राखी के परिवार से एक सोने की चेन और मोटरसाइकिल की माँग की। माँग पूरी न होने पर उसे भी मायके छोड़ आया।

2023 में सुनील ने तीसरी शादी की। तीसरी पत्नी ज्योति का आरोप है कि शादी के समय दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ महीनों बाद ही दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई। आरोप है कि माँग के मुताबिक दहेज न मिलने पर तीन महीने की गर्भवती अवस्था में उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद ज्योति को सुनील की पहली दो शादियों के बारे में पता चला। उसने सुनील की अन्य दो पत्नियों से संपर्क किया। तभी उन्हें मालूम हुआ कि सुनील चौथी शादी की योजना बना रहा है। इसके बाद तीनों ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभिययुक्त को खोजकर गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Prev Article
प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर छात्र का सनकी हमला, शिक्षिका का होंठ काटने का आरोप
Next Article
नोएडा विश्वविद्यालय छात्र की अपमानजनक प्लेकार्ड सजा को हाईकोर्ट ने किया रद्द

Articles you may like: