🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

'राहुल गांधी को घर में घुसकर गोली मारेंगे' की धमकी देनेवाला करणी सेना का 'प्रवक्ता' गिरफ्तार

खुद को करणी सेना का प्रवक्ता बतानेवाले एक व्यक्ति ने राहुल गांधी और कांग्रेस के 25 सांसदों को खुलेआम गोलियां मारने की धमकी दी जिसके बाद कांग्रेस और बीजेपी नेता आमने-सामने आ गए।

By लखन भारती

Feb 20, 2026 12:44 IST

जयपुरः राजस्थान में कल, गुरुवार 19 मई को राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देनेवाले एक वीडियो के वायरल होने पर जमकर हंगामा हुआ। सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो आने के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे गंभीर मामला बताया था। सरकार को भी इस पर जवाब देना पड़ा और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि यह आपत्तिजनक बयान कोटा में एक व्यक्ति ने दी थी जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोटा पुलिस ने इस वीडियो के सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की और वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवक राज अमीर को गिरफ्तार कर लिया। कोटा की सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि यह युवक कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके के कंसुआ का रहने वाला है। वायरल वीडियो में युवक अपने आप को करणी सेवा का संभागीय प्रवक्ता बता रहा था। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि जिस तरह से वीडियो वायरल किया गया और धमकी दी जा रही है उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो में दी गई धमकी

सोशल मीडिया पर जो धमकी भरा वीडियो वायरल हो रहा है उसमें युवक जिस स्थान पर बैठा हुआ है, उसके पीछे की कोटा बूंदी के सांसद और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी हुई है। वायरल वीडियो में युवक कह रहा था कि कांग्रेस के 25 सांसदों द्वारा लोकसभा स्पीकर के चेंबर में जाकर 'गाली गलौज' करने की घटना से करणी सेना के कार्यकर्ताओं में काफी रोष है। उसने कहा, "मुझे लगता है कि यह घटना राहुल गांधी के आदेश पर हुई, राहुल गांधी कान खोलकर सुन लें, अगर दोबारा ऐसी घटना हुई तो घर में घुसकर गोली मार देंगे, और इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा." उसने यह भी धमकी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर 25 सांसदों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उन सभी को गोलियां मारेंगे.।

सियासी सरगर्मी

इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में माहौल और गर्म हो गया है। जहां कांग्रेस इसे विपक्षी नेताओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बता रही है, वहीं भाजपा इसे कानून-व्यवस्था की सामान्य कार्रवाई बताते हुए राजनीतिक बयानबाजी से बचने की बात कर रही है।

टीकाराम जूली ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की खुली धमकियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरे की घंटी हैं। जूली ने आरोप लगाया कि पहले केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विपक्ष पर दबाव बनाया गया और अब हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी जा रही है और इस तरह की धमकियां एक जहरीली सोच को दर्शाती हैं.

वहीं, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे को राजनीतिक रंग न देने की अपील भी की।

Prev Article
राजस्थान में गाय को मिलेगा राज्य माता का दर्जा ? मंत्री ने साफ किया रुख, कहा- गाय आस्था का विषय
Next Article
भाजपा सरकार राजस्थान विधानसभा का उपयोग प्रचार मंच के रूप में करने की कोशिश कर रही है: कांग्रेस मुख्य स्विच

Articles you may like: