🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

220 फीट ऊंची पानी की टंकी पर फंसा बंदर, 6 दिन से रेस्क्यू नाकाम, व‍िशेष टीम पहुंची, हो रही है प्रार्थना

बंदर सुरक्षित नीचे उतर आए, इसके ल‍िए गांव के लोग प्रार्थना कर रहे हैं। बंदर को खाने के ल‍िए केला और पानी पहुंचाया गया है, जिससे वह भूखा न रहे।

By लखन भारती

Feb 15, 2026 15:53 IST

जयपुरः चूरू के भानीपुरा थाना क्षेत्र के गांव रातूसर में एक बंदर पिछले 6 दिनों से करीब 220 फीट ऊंची पानी की टंकी पर फंसा हुआ है। लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक उसे सुरक्षित नीचे नहीं उतारा जा सका है। बंदर की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है। गांव के लोग उसे सुरक्षित नीचे उतारने के ल‍िए प्रर्थना कर रहे हैं। आज बंदर को नीचे उतारने के ल‍िए व‍िशेष टीम को बुलाया गया है। रातूसर गांव में आपणी योजना के तहत 220 फीट ऊंची पानी की टंकी बनी है। जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी को एक बंदर टंकी पर चढ़ गया था। शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन जब 3 दिन तक बंदर नीचे नहीं उतरा, तब लोगों को उसके फंसे होने का अंदेशा हुआ। 12 फरवरी तक बंदर के ऊपर ही बैठे रहने के बाद ग्रामीणों ने उसे उतारने के प्रयास शुरू किए। कुछ ग्रामीण रस्सियों के सहारे टंकी पर चढ़े, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बंदर के लिए ऊपर केले और पानी पहुंचाया गया, ताकि वह भूखा-प्यासा न रहे।

13 फरवरी को मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते रेस्क्यू सफल नहीं हो सका। 14 फरवरी को ग्रामीणों ने अपने स्तर पर फिर प्रयास किया। लोगों ने रस्सियों से सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाकर पिंजरा ऊपर तक पहुंचाया. पिंजरे में केला और अन्य खाद्य सामग्री रखी गई, लेकिन बंदर उसमें भी नहीं गया।

ग्राम पंचायत प्रशासक (सरपंच) बिमला स्वामी ने बताया कि पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब रेस्क्यू के लिए सुजानगढ़ से विशेष टीम बुलाई गई है। रविवार को टीम के पहुंचते ही बंदर के सुरक्षित रेस्क्यू की उम्मीद जताई जा रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पानी की टंकी के नीचे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है, और सभी बंदर को सुरक्षित नीचे उतारे जाने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Prev Article
कांस्‍टेबल ने अपनी शादी में तस्‍करों को बुलाया, SP ने किया बर्खास्त
Next Article
पीएम मोदी का राजस्थान दौरा तय, अजमेर की धरती से 23,500 करोड़ की देंगे सौगात

Articles you may like: