🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तेलंगाना नगर निकाय चुनाव: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत

4 फरवरी को महबूबनगर में रैली, अध्यक्ष बनने के बाद राज्य का पहला दौरा।

By श्वेता सिह

Feb 03, 2026 18:43 IST

हैदराबादः तेलंगाना में 11 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत की तैयारी कर ली है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन 4 फरवरी को महबूबनगर में एक रैली को संबोधित कर अभियान का आगाज करेंगे।

यह नितिन नबीन का पिछले महीने भाजपा अध्यक्ष पद संभालने के बाद तेलंगाना का पहला दौरा होगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वह बुधवार को दोपहर 1 बजे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आरजीआई) पर पहुंचेंगे और वहां से सीधे महबूबनगर रवाना होंगे।

महबूबनगर में नितिन नबीन दोपहर 3 बजे पार्टी के बूथ स्तर और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह शाम 5.45 बजे हैदराबाद लौटकर हवाई अड्डे से रवाना होंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी नगर निकाय चुनावों के दौरान तेलंगाना में एक जनसभा को संबोधित करने की संभावना है, जिसमें वह पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे।

तेलंगाना भाजपा को उम्मीद है कि नितिन नबीन की इस रैली से शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की संभावनाओं को मजबूती मिलेगी। हाल ही में गैर-दलीय आधार पर हुए ग्राम पंचायत चुनावों में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के बाद भाजपा शहरी चुनावों में भी उल्लेखनीय सफलता की उम्मीद कर रही है।

पार्टी का लक्ष्य वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी बीआरएस के विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करना है। गौरतलब है कि भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनावों में आठ सीटें जीती थीं और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी उतनी ही सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2025 में दो एमएलसी सीटें जीतने के बावजूद हालिया जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को बड़ा झटका लगा था, जहां उसकी जमानत जब्त हो गई थी।

Prev Article
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड, बठिंडा में तापमान सिर्फ 3.6°C
Next Article
उधमपुर एनकाउंटर: सेना, पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जैश के दो आतंकी ढेर

Articles you may like: