मुंबई: कुछ दिन पहले शनिवार रात लगभग 12 बजे पुलिस पर हमला हुआ, यह घटना नवी मुंबई के उलवे इलाके में हुई। एक टीम मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ने गई थी, तभी तस्करों ने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोप है कि मादक तस्करों ने हॉकी स्टिक, तलवार और देसी बंदूक का इस्तेमाल किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर किरण मंद्रे के नेतृत्व में 10 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम उलवे पहुंची। देखा गया कि मोटरबाइक सवार 15 लोगों का एक समूह पुलिस की तरफ बढ़ रहा है। इनमें इस्माइल शेख और शाहिद खान की पहचान पुलिस ने की।
तस्करों को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ता अवरुद्ध किया। इसी दौरान तस्करों ने पुलिस पर हमला किया। एक अभियुक्त ने एक पुलिसकर्मी के कंधे पर तलवार से हमला किया, जबकि दूसरे ने बंदूक दिखाकर रास्ता छोड़ने के लिए मजबूर किया। इसके अलावा, हॉकी स्टिक से भी पुलिस पर हमला किया गया। एक अभियुक्त ने इंस्पेक्टर मंद्रे को मोटरबाइक से कुचलने की कोशिश की।
इस हमले ने नवी मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में इस्माइल शेख, शाहिद शेख, आयाज खान, आसिफ खान और अन्य कई अभियुक्तयों के खिलाफ पुलिसकर्मियों पर हमला, हत्या का प्रयास और दंगा भड़काने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।