शिलांग: नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU) के रजिस्ट्रार-इन-चार्ज कैलाश चंद्र बिस्वाल पर शिलांग के मावलाई बायपास में नकाबपोश लोगों ने पत्थर फेंककर हमला किया, जिससे उनके सिर में चोट लगी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार शाम की है, जब बिस्वाल विश्वविद्यालय परिसर से बाहर जा रहे थे।
ईस्ट खासी हिल्स के एसपी विवेक सिएम ने बताया कि करीब पांच नकाबपोश लोग इस हमले में शामिल थे। उन्होंने कहा, “जैसे ही गाड़ी मावलाई बायपास पहुंची, नकाबपोश लोगों के एक समूह ने अचानक उस पर पत्थर फेंक दिए, जिससे बिस्वाल के सिर में चोट लगी।”
शोर सुनकर स्थानीय लोग और दुकानदार बाहर आए, जिसके बाद हमलावर पास के जंगल की ओर भाग गए। बिस्वाल को तुरंत इलाज के लिए नॉर्थ ईस्टर्न इंदिरा गांधी रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज ले जाया गया। एसपी ने बताया, “डॉक्टरों ने आगे के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती रहने की सलाह दी है। फिलहाल उनका इलाज न्यूरोलॉजी विभाग में चल रहा है।”
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। बिस्वाल को हाल ही में NEHU के वाइस-चांसलर प्रभा शंकर शुक्ला ने शिलांग कैंपस का रजिस्ट्रार-इन-चार्ज नियुक्त किया था। गौरतलब है कि वाइस-चांसलर शुक्ला 17 नवंबर 2024 से अवकाश पर हैं। उन पर प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगे थे, जिसके विरोध में छात्र और शिक्षक प्रदर्शन कर रहे थे