रायपुर: भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह (33) को मंगलवार को हिट-एंड-रन मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उनके द्वारा चलाई जा रही कार ने कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। एक अधिकारी ने बताया कि बाद में उन्हें जमानत बांड पर रिहा कर दिया गया।
मोटरसाइकिल चला रहे डिस्क जॉकी (डीजे) त्रिभुवन सिंह (34) को गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सोमवार तड़के करीब 1 बजे तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सालासर चौक पर हुई, जब पीड़ित काम से लौट रहा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बलवंत को मंगलवार शाम गिरफ्तार किया गया, लेकिन उनके खिलाफ दर्ज अपराध जमानती होने के कारण जमानत बांड भरने पर उन्हें रिहा कर दिया गया। उनकी मां रेणुका सिंह भरतपुर-सोनहत (एसटी) से विधायक हैं। वे 2019 से 2023 तक जनजातीय कार्य मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुकी हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार कार सरगुजा निवासी बलवंत सिंह के एक मित्र की है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बलवंत कुछ दोस्तों के साथ अरंग से तेलीबांधा की ओर जा रहे थे, तभी कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद वे कथित तौर पर दूसरी कार में मौके से फरार हो गए।
अधिकारी ने बताया कि तेलीबांधा थाने में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) (दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और 281 (लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद और धाराएं जोड़ी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि त्रिभुवन सिंह का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।