कानपुर: पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप पति पर लगा है। हत्या के बाद उसने पत्नी के शव को कंबल में लपेट दिया और इसके बाद खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। यह घटना यूपी के कानपुर महाराजपुर थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह एक व्यक्ति थाने पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी है और शव घर में कंबल में लिपटा हुआ है। उसकी बात सुनते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर से महिला का शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि मृतका का नाम श्वेता है। पत्नी की हत्या के आरोप में पति सचिन को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि सचिन को पत्नी पर शक था और इसी को लेकर विवाद के दौरान शुक्रवार रात उसने श्वेता की हत्या कर दी।
हत्या के बाद क्या किया अभियुक्त ने ?
जानकारी के मुताबिक, हत्या के बाद सचिन ने पहले शहर से भागने का विचार किया। वह करीब चार घंटे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा। आखिरकार उसने थाने जाकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुलिस ने बताया कि सचिन और श्वेता दोनों उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मोहनपुर गांव के रहने वाले थे। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। इसके बाद वे गांव छोड़कर गुजरात के सूरत चले गए थे, जहां सचिन एक फैक्ट्री में काम करता था। करीब एक महीने पहले वे कानपुर आए और यहां एक मकान किराए पर लिया। सचिन ने ऑटो चलाना शुरू कर दिया।
शक और विवाद की वजह
जिस मकान में दंपती किराए पर रह रहे थे, उसके पास ही एक अन्य घर में कुछ कॉलेज छात्र रहते थे। श्वेता उनसे नियमित बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर सचिन को पत्नी पर शक होने लगा और दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया। बताया गया है कि शुक्रवार को भी सचिन ऑटो लेकर बाहर गया था और कुछ समय बाद लौट आया। लौटने पर उसने अपनी पत्नी को घर में दो कॉलेज छात्रों से बातचीत करते हुए देखा, जिससे वह गुस्से में आ गया। इसी को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया और दोनों को थाने ले जाया गया, जहां मामला शांत करा दिया गया। हालांकि घर लौटने के बाद सचिन और श्वेता के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर सचिन ने श्वेता की गला घोंटकर हत्या कर दी।