🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

गोवा में नृशंस दोहरा हत्याकांड, दो रूसी युवतियों के साथ लिव-इन में रह रहा था युवक, दोनों की गला रेतकर हत्या

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक रूसी युवक दो युवतियों के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। आरोप है कि शुक्रवार रात उसने दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी।

By कौशिक भट्टाचार्य, Posted by: प्रियंका कानू

Jan 17, 2026 21:51 IST

पणजी: एक रूसी युवक गोवा में दो प्रेमिकाओं के साथ रह रहा था लेकिन दोनों महिलाएं एक-दूसरे को नहीं जानती थीं। दोनों की उम्र 37 वर्ष थी। शुक्रवार देर रात पुलिस ने पास-पास के दो गांवों से दो रूसी युवतियों के गला कटा शव बरामद किया। इसके बाद एलेक्सी लियोनोव नाम के रूसी युवक को गिरफ्तार किया गया। मृत दोनों महिलाएं भी रूसी नागरिक थीं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एलेक्सी उत्तर गोवा के मोरजिम गांव में रूसी युवती एलेना वानिवा के साथ रह रहा था। आरोप है कि 14 जनवरी की रात करीब 11 बजे उसने एलेना की गला रेतकर हत्या की और वहां से फरार हो गया। इसके बाद वह सीधे पास के गांव अरामबोल पहुंचा, जहां दूसरी रूसी युवती एलेना कास्थानोवा रहती थीं। वहां घर में घुसते ही उसने पहले कास्थानोवा को बांध दिया और फिर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

गोवा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों 2024 से गोवा में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एलेक्सी का दोनों महिलाओं के साथ लिव-इन संबंध था। अधिकारी के अनुसार, अभियुक्त ने दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की और फिर गला रेतकर हत्या की। एक युवती के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे, जिससे साफ है कि हमला बेहद नृशंस था।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त एलेक्सी लियोनोव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और धारा 126(2) (अवैध निरोध) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Prev Article
दिल्ली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार चोरों को दबोचा, वीडियो हुआ वायरल
Next Article
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, दो माओवादी ढेर

Articles you may like: