तिरुवनंतपुरम (केरल) : आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल में पांच प्रमुख कल्याणकारी गारंटियों की घोषणा की। ये घोषणाएं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और महिलाओं तथा युवाओं को सशक्त बनाने से सम्बंधित हैं। केरल में 140 सदस्यों वाली विधानसभा के चुनाव अप्रैल 2026 में होने की उम्मीद है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल ने ने आज केरल में पुथुयुग यात्रा के समापन सत्र में लोगों को संबोधित करते हुए यह घोषणाएं कीं।
इन गारंटियों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना, परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देना और उद्यमिता तथा बुजुर्गों के कल्याण के क्षेत्र में अवसर पैदा करना है।
राहुल गांधी द्वारा केरल के लिए घोषित पांच प्रमुख गारंटियां इस प्रकार हैंः
1. महिला सशक्तिकरण योजना: केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (KSRTC) की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
2. छात्राओं को आर्थिक सहायता: महिला कॉलेज छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रति माह ₹1,000 दिए जाएंगे।
3. सामाजिक पेंशन में बढ़ोतरी: कमजोर वर्गों के लिए सामाजिक कल्याण पेंशन बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह की जाएगी।
4. ओम्मन चांडी स्वास्थ्य बीमा योजना: परिवारों को ₹25 लाख तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा।
5. युवाओं के लिए ब्याज-मुक्त ऋण: युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए ₹5 लाख तक का ब्याज-मुक्त लोन उपलब्ध कराया जाएगा।