मोहाली: दिल्ली और अहमदाबाद के बाद मंगलवार को पंजाब के मोहाली में सनसनी फैल गई। वहां के फोर्टिस अस्पताल और उसके आसपास के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजे जाने की खबर है। मंगलवार सुबह यह ईमेल मिला। उसमें कहा गया है कि दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर बम फटेगा। फिलहाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मोहाली के उसी अस्पताल में भर्ती हैं।
धमकी भरे ईमेल की खबर सामने आते ही अस्पताल और आसपास के स्कूलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके में मोहाली पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। पंजाब पुलिस सूत्रों के अनुसार यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी की ओर से भेजा गया है। मोहाली के सीनियर पुलिस सुपरिटेंडेंट हरमनदीप सिंह ने कहा कि पुलिस कोई जोखिम नहीं ले रही है। अस्पताल और स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। विस्तृत जानकारी प्रतीक्षित है।