नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक प्रमुख सदस्य बॉबी कबूतर को गिरफ्तार किया है, जो पिछले सात साल से फरार था। पुलिस के अनुसार, वह जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी था और गैंग की आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था। उसका नेटवर्क दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब तक फैला हुआ है।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी दिल्ली के उत्तरी इलाके में उसने खुद को एक बड़े गैंगस्टर के रूप में स्थापित किया। बॉबी कबूतर मर्डर, मकोका और एनआईए के कई मामलों में लंबे समय से वांछित था। जांच में सामने आया है कि उसने सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में रेकी की थी। इतना ही नहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी के घर पर हुई फायरिंग में भी उसी ने हथियार मुहैया कराया था। हाल ही में नदीम ब्रदर्स हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया है, जिससे उसके आपराधिक नेटवर्क की गंभीरता साफ होती है। पुलिस के अनुसार, उसका रोल जमीन स्तर की जानकारी इकट्ठा करना था। इसके अलावा, मध्य प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों को धमकी देने की खबरें भी आई थीं।
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग से जुड़े पांच लोगों को कोर्ट में पेश किया। अभियुक्तों के वकील ने कहा कि उनका बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है और वह पुलिस के सामने सहयोग के लिए तैयार हैं। कोर्ट ने पुलिस को अभियुक्तों की चार दिन की कस्टडी दी। सुरक्षा के मद्देनजर, फायरिंग के तुरंत बाद रोहित शेट्टी के जूहू स्थित घर के आसपास भारी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई।