कन्नूर: कन्नूर सिटी साइबर पुलिस ने उत्तर केरल के इस थलसेरी जिले एक महिला डॉक्टर से 10.5 लाख रुपये की ठगी के मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अभियुक्त की पहचान जीवन राम (28) के रूप में हुई है, जो लुधियाना का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर पैसा वसूल किया। यह घटना 30 नवंबर 2025 को हुई थी। पुलिस ने बताया कि ठगों ने खुद को मुंबई सीबीआई के अधिकारी बताकर डॉक्टर से व्हाट्सऐप वीडियो कॉल के जरिये संपर्क किया था। उन्होंने दावा किया कि डॉक्टर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है और मामले को निपटाने के लिए तुरंत पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया।
डर और दबाव में आकर डॉक्टर ने अलग-अलग खातों में 10 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में अभियुक्त ने यह रकम चेक के जरिये निकाल ली। पुलिस आयुक्त निधिनराज.पी के निर्देश पर कन्नूर सिटी पुलिस ने अभियुक्त की लोकेशन ट्रैक कर उसे लुधियाना के एक गांव तक पहुंचकर पकड़ा। अभियुक्त लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। इसके बावजूद, पंजाब में खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बीच केरल पुलिस की टीम ने पांच दिनों की निगरानी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।