रांची : रविवार को झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 11 जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
रविवार को गुमला राज्य में सबसे ज्यादा ठंड की स्थिती रहाी, जहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद खूंटी में 3.9 डिग्री सेल्सियस और पलामू में 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार राज्य की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा में 8.2 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
रांची स्थित मौसम विभाग केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, उनमें बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा, पाकुड़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पलामू शामिल हैं।