🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कोच के रूप में भी ‘दादागिरी’, सौरव के मास्टरस्ट्रोक से कैपिटल्स का विश्व रिकॉर्ड

सौरव गांगुली की कोचिंग में SA20 में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सबका ध्यान खींचा है।

By सौम्यदीप दे, Posted by: रजनीश प्रसाद

Jan 19, 2026 18:37 IST

जोहानसबर्ग : खिलाड़ी के बाद क्रिकेट प्रशासक के रूप में पहले ही अपनी छाप छोड़ चुके सौरव गांगुली ने अब नई भूमिका में भी कमाल दिखाया है। दक्षिण अफ्रीका की फ्रेंचाइजी लीग SA20 की टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने अपनी टीम में हार न मानने की जज़्बा और लड़ने की मानसिकता भर दी है। शनिवार को इसका शानदार प्रमाण देखने को मिला। महज सात रन पर पाँच विकेट गंवाकर प्रिटोरिया कैपिटल्स मुश्किल में फँस गई थी लेकिन इस हालात से जबरदस्त वापसी करते हुए टीम ने जीत दर्ज की। यह सिर्फ जीत ही नहीं थी बल्कि प्रिटोरिया कैपिटल्स ने विश्व क्रिकेट में एक अनोखा रिकॉर्ड भी बना दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सात रन पर ही पाँच विकेट खो दिए। शाई होप सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए जबकि ब्राइस पार्सन्स, कॉनर एस्टरहुइजन, रोस्टन चेस और आंद्रे रसेल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। इस नाज़ुक स्थिति में डेवाल्ड ब्रेविस और शेरफेन रदरफोर्ड ने पारी संभाली। दोनों ने 113 रनों की साझेदारी की। ब्रेविस ने 47 गेंदों में 53 रन बनाए जबकि रदरफोर्ड ने 50 गेंदों पर 74 रनों की शानदार पारी खेली।

इस साझेदारी की बदौलत कैपिटल्स ने 143 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में जोबर्ग सुपर किंग्स 20 ओवर में 122 रन से ज़्यादा नहीं बना सकी। केशव महाराज और लिजाड विलियम्स ने तीन–तीन विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की।

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने कौन सा रिकॉर्ड बनाया?

प्रिटोरिया कैपिटल्स टी-20 क्रिकेट के इतिहास की पहली टीम बन गई है, जिसने पहले बल्लेबाजी करते हुए दस रन से कम पर पाँच विकेट गंवाने के बावजूद मैच जीत लिया। इससे पहले टी-20 क्रिकेट में ऐसा कारनामा 2010 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में हुआ था।

तब पार्थिव पटेल की बड़ौदा टीम ने गुजरात के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था लेकिन वह रन चेज करते हुए था। इसलिए पहले बल्लेबाजी करते हुए यह अनोखा रिकॉर्ड बनाने वाली पहली टीम बनकर सौरव गांगुली की प्रिटोरिया कैपिटल्स क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गई है।

Prev Article
भारत को हराने की रणनीति का डैरिल मिचेल ने किया खुलासा
Next Article
उधमपुर में देविका प्रीमियर लीग का पहला संस्करण संपन्न, खेल मंत्री सतीश शर्मा बोले- हर जिले में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम

Articles you may like: