🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मुंबई: मेट्रो रेल लाइन की पैरापेट दीवार का स्लैब वाहनों पर गिरा; एक की मौत, तीन घायल

विपक्ष ने सरकार को घेरा, ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

By डॉ. अभिज्ञात

Feb 14, 2026 16:45 IST

मुंबई: मुंबई के मुलुंड क्षेत्र में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-4 के गर्डर ब्रिज का एक स्लैब कुछ वाहनों पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस और नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक दोपहर बाद मुख्य एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के पास गर्डर ब्रिज की पैरापेट दीवार का एक स्लैब एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कोडा कार पर गिरा, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृतक की पहचान रामधन यादव के रूप में की गयी है, जबकि घायलों के नाम राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) हैं।राजकुमार की हालत गंभीर है और उन्हें पास के अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है, जबकि महेंद्र और रुहिया की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजनल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने एक बयान में कहा कि दोपहर 12:15 बजे मुलुंड फायर स्टेशन के पास मेट्रो लाइन निर्माण के दौरान पियर 196 के निकट पैरापेट का एक हिस्सा नीचे से गुजर रही ऑटो-रिक्शा पर गिर गया। ढहने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

लाइन-4 दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला से पड़ोसी ठाणे तक निर्माणाधीन मार्ग है, जिसका एक बड़ा हिस्सा मुख्य एलबीएस रोड के ऊपर से गुजरता है, जो विक्रोली, भांडुप, मुलुंड आदि क्षेत्रों को जोड़ता है।

शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान नई उद्घाटित मेट्रो लाइन-3 में जलभराव हो गया था और अब दीवार गिर गई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार इस घटना के लिए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करेगी। काम पूरा होने से पहले ही पिलरों पर रंग किया जा चुका है। इससे राज्य को करोड़ों रुपये का खर्च होगा और काम पूरा होने के बाद फिर करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

अधिकांश बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में खराब बैरिकेडिंग होती है, जिससे यातायात जाम होता है या वाहन खुले गड्ढों में गिर जाते हैं।

इस बीच, कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने भी घटना को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और पूछा कि क्या मुंबई के निवासियों का जीवन “इतना सस्ता” हो गया है। गायकवाड़ ने जिम्मेदारी तय करने और विशेष रूप से क्षेत्र में भारी यातायात को देखते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Next Article
NEET छात्रा की मौत: CBI ने पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल का मुआयना किया

Articles you may like: