पटना: बिहार में बर्ड फ्लू को लेकर भारी चिंता का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी को बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया इलाके में स्थानीय लोगों ने एक पेड़ के नीचे लगभग 150 से अधिक कौवों को मरा हुआ पाया। कई पक्षियों को बीमार हालत में तड़पते हुए भी देखा गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत से इलाके में डर का माहौल फैल गया।
घटना के बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने मृत पक्षियों के नमूने एकत्र कर पटना और भोपाल की प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे। प्रारंभिक जांच में माना गया था कि अत्यधिक ठंड के कारण कौवों की मौत हुई है। लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद यह पुष्टि हुई कि कौवों की मौत बर्ड फ्लू वायरस से संक्रमित होने के कारण हुई है। जिला पशुपालन अधिकारी डॉक्टर अंजली कुमारी सिन्हा ने इलाके में इस वायरस की मौजूदगी की पुष्टि की है।
जिला प्रशासन ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए संक्रमित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा, इलाके के पोल्ट्री फार्मों से नमूने लिए जा रहे हैं और विशेष निगरानी भी की जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि वे बीमार या मृत किसी भी पक्षी के संपर्क में न आएं।