🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विश्व साइकिल दिवस बनेगा पश्चिम बंगाल में खेल क्रांति का उत्प्रेरक: निशीथ प्रमाणिक

विश्व साइकिल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में होगा ‘फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन। 5,000 से अधिक प्रतिभागी साइकिल यात्रा में होंगे शामिल।

By डॉ. अभिज्ञात

Jun 05, 2026 21:38 IST

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के युवा मामले एवं खेल विभाग के मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने आम जनता से साइकिलिंग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।

विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में विश्व साइकिल दिवस समारोह की तैयारियों का शुभारंभ करते हुए प्रमाणिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश “फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़” का उल्लेख किया और कहा कि राज्य सरकार विश्व साइकिल दिवस तथा ‘फिट इंडिया–संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल को पश्चिम बंगाल में खेल संस्कृति के विस्तार और एक व्यापक खेल क्रांति के माध्यम के रूप में देख रही है।

प्रमाणिक ने सभी से आग्रह किया कि वे साइकिलिंग को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। जब साइकिल चलाना आम लोगों के बीच और अधिक लोकप्रिय होगा, तब राज्य सरकार साइकिल चालकों की सुविधा के लिए शहरी क्षेत्रों में समर्पित साइकिल ट्रैक विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करेगी।

इस मौके पर नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र कोलकाता के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस का यह आयोजन फिट इंडिया आंदोलन की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विश्व साइकिल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ‘फिट इंडिया–संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन 7 जून 2026 रविवार को प्रातः 5:30 बजे विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (VYBK), कोलकाता में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेताजी सुभाष पूर्वी केंद्र, कोलकाता द्वारा पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि युवा मामले एवं खेल विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री-प्रभारी निशीथ प्रमाणिक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. शरदवत मुखर्जी उपस्थित रहेंगे।

Articles you may like: