🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

विश्व कप के अभ्यास मैच में कब और किसके खिलाफ उतरेगी टीम इंडिया ? शेड्यूल हुआ सार्वजनिक

टी20 विश्व कप से पहले अभ्यास मैचों में हिस्सा लेगी भारतीय "ए" टीम भी।

By सौम्यदीप दे, Posted by: प्रियंका कानू

Jan 28, 2026 15:25 IST

नई दिल्ली: अब से 10 दिन बाद आईसीसी टी20 विश्व कप शुरू होने जा रहा है। उससे पहले आखिरी तैयारी के तौर पर भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में हिस्सा ले रही है। शुरुआती तीन मैचों में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की है। हालांकि अब तक विश्व कप के लिए अंतिम ग्यारह तय नहीं हो पाई है। लगभग हर मैच में टीम संयोजन को लेकर गौतम गंभीर प्रयोग कर रहे हैं। इसी बीच आईसीसी ने विश्व कप से पहले अभ्यास मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। भारतीय सीनियर टीम सिर्फ एक अभ्यास मैच खेलेगी लेकिन इस शेड्यूल में भारतीय 'ए' टीम का नाम भी शामिल है।

कब और किसके खिलाफ उतरेगी टीम इंडिया ?

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 31 जनवरी को खत्म होगी। इसके पांच दिन बाद भारतीय टीम अभ्यास मैच खेलेगी। यानी 4 फरवरी को नवी मुंबई में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी। विश्व कप से पहले भारत सिर्फ यही एक वॉर्म अप मैच खेलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी मैच में विश्व कप के लिए अंतिम ग्यारह तय कर ली जाएगी।

हालांकि शेड्यूल में सबसे बड़ा सरप्राइज भारतीय 'ए' टीम को लेकर है। विश्व कप में हिस्सा न लेने के बावजूद वे अभ्यास मैच क्यों खेलेंगे ? दरअसल, विश्व कप में खेलने वाली दूसरी टीमों की तैयारी में मदद करने के लिए भारतीय ए टीम को उतारा जाएगा। इस टीम का चयन बीसीसीआई करेगी। आईसीसी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार भारतीय 'ए' टीम दो अभ्यास मैच खेलेगी। 2 फरवरी को भारतीय 'ए' टीम यूएसए के खिलाफ पहला अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद विश्व कप शुरू होने से पहले एक बार फिर मैदान में उतरेगी। 6 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ भारतीय 'ए' टीम अभ्यास मैच खेलेगी।

मैच कहां और कब देख सकते हैं?

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। वहीं भारतीय 'ए' टीम के दोनों मैच शाम 5 बजे से शुरू होंगे। सभी मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।

Next Article
हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से टूटा पाकिस्तान का सपना, दो विकेट से हारकर विश्व कप से बाहर

Articles you may like: