🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तीन पेसर और तीन स्पिनर के साथ खेले भारत, वर्ल्ड कप विजेता रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को दी सलाह

रोहित मानते हैं कि घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप खेलने का दबाव हमेशा रहेगा।

By रूपक बसु, Posted by: प्रियंका कानू

Jan 30, 2026 16:56 IST

नई दिल्ली : रोहित शर्मा का मानना है कि आने वाले वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल हर खिलाड़ी मैच विनर बन सकता है। उनके मुताबिक टी20 टीम इस समय ठोस प्रदर्शन कर रही है और ऐसा कोई कारण नहीं है कि वर्ल्ड कप में उसका असर न दिखे। हालांकि रोहित ने यह भी स्वीकार किया है कि घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप खेलने का दबाव हमेशा रहेगा। 2016 के बाद पहली बार भारत में टी20 वर्ल्ड कप हो रहा है।

रोहित 2023 वर्ल्ड कप के दौरान टीम की तैयारी को याद करते हुए बताते हैं कि एक समय उन्होंने तय किया था कि दो महीने के लिए सोशल मीडिया से दूरी बना ली जाएगी। टीम के कई खिलाड़ियों ने भी उनसे कहा था कि वे वर्ल्ड कप के दौरान सोशल मीडिया से दूर रहना चाहते हैं लेकिन बाद में उन्होंने सोचा कि वे न तो किसी स्कूल के हेडमास्टर हैं और न ही कॉलेज के प्रोफेसर।

इसलिए जबरदस्ती कुछ थोपने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें डर था कि अगर कोई मैच हार गए तो एयरपोर्ट पर दर्शकों की छींटाकशी सुननी पड़ेगी। इसलिए हेडफोन लगाकर रहना होगा। टीम की किस्मत अच्छी थी कि 2023 वर्ल्ड कप में फाइनल से पहले एक भी मैच नहीं हारे।

रोहित बताते हैं कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम अपने माइंडसेट को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थी। उनका मतलब था कि 30 रन पर 3 विकेट या 50 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद संभलकर खेलने की सोच नहीं रखनी है।

अगर 80 पर ऑलआउट भी हो जाए तो ठीक है लेकिन संभलकर खेलकर 150 से 160 तक पहुंचने का कोई फायदा नहीं। उससे बेहतर है कि जोखिम लेकर 180 बनाने की कोशिश की जाए भले ही हार क्यों न हो।

रोहित याद दिलाते हैं कि 2024 वर्ल्ड कप फाइनल में ब्रिजटाउन में शुरुआत में एक जैसे तरीके से तीन विकेट गिर गए थे। टीम उस समय लगभग 30 रन पर 3 विकेट के स्कोर पर थी। वहां विराट और अक्षर ने संभलकर खेलने के बजाय आक्रामक बल्लेबाजी की, जिसकी वजह से टीम 175 रन तक पहुंच सकी। रोहित के मुताबिक यह भले ही जीत दिलाने वाला स्कोर न हो लेकिन यह एक लड़ने लायक स्कोर जरूर था।

रोहित का मानना है कि इस बार टीम में आठवें नंबर तक बल्लेबाजी काफी मजबूत है और गेंदबाजी भी बेहद ताकतवर है। उनके अनुसार टीम का बैलेंस शानदार है। अगर वह होते तो तीन स्पिनर और तीन पेसर के साथ खेलते। अब अगर कुलदीप और वरुण को एक साथ खिलाना है तो दो सीमरों के साथ उतरना होगा।

यह फैसला मैच की परिस्थितियों को देखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि फरवरी से मार्च के दौरान भारत के लगभग सभी मैदानों पर रात में ओस गिरती है इसलिए इस वर्ल्ड कप में ओस एक बड़ा फैक्टर होगी और सभी टीमों को इसे ध्यान में रखकर खेलना होगा।

रोहित शर्मा के मुताबिक इस टीम में हार्दिक पांड्या की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने कहा कि अगर टीम 50 रन पर 4 विकेट खो चुकी हो, तो हार्दिक मैच का रुख बदल सकते हैं। वहीं अगर 16 से 17 ओवर में 160 रन के आसपास क्रीज पर आते हैं तो स्कोर को 200 से ऊपर ले जा सकते हैं।

इसके अलावा वह शुरुआत में या स्लॉग ओवरों में विकेट भी निकाल सकते हैं। इसके अलावा रोहित का मानना है कि नए गेंद से अर्शदीप का इस्तेमाल काफी फायदेमंद रहेगा। उन्होंने कहा कि अर्शदीप नई गेंद से शानदार स्विंग कराते हैं और स्लॉग ओवरों में भी संयम बनाए रखते हैं। वर्ल्ड कप फाइनल में 19वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 3 रन दिए थे।

रोहित का दावा है कि जो काम अब तक कोई टीम नहीं कर पाई, भारत के पास इस बार वह मौका है, यानी अपनी ट्रॉफी का बचाव करना। कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस या भारत के लिए खेलते हुए उन्होंने देखा है कि सूर्य का गेम सेंस बहुत अच्छा है और वह बेवजह के फैसले नहीं लेते। रोहित शर्मा की सलाह है कि अगर जरूरत न हो तो प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव नहीं करने चाहिए। उनके मुताबिक फ्लेक्सिबल शब्द सुनने में अच्छा लगता है लेकिन जबरदस्ती फ्लेक्सिबल बनने की कोशिश करने से परेशानी होती है।

Next Article
हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से टूटा पाकिस्तान का सपना, दो विकेट से हारकर विश्व कप से बाहर

Articles you may like: