🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

RCB स्टार विहान की सेंचुरी, भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 352 रनों का लक्ष्य रखा

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी और विहान की नाबाद सेंचुरी ने भारत को सुपर सिक्स मैच में शानदार शुरुआत दिलाई।

By श्वेता सिंह

Jan 27, 2026 20:57 IST

नयी दिल्लीः अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा लगातार जारी है। सुपर सिक्स में प्रवेश करने के बाद पहले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने कड़ी चुनौती पेश की और टीम ने 352 रनों का विशाल लक्ष्य सेट किया। ओपनिंग में वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत की। उन्होंने 30 गेंदों पर 52 रन बनाकर टीम को शुरुआती मजबूती दी। उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल था। मिडिल ऑर्डर में अभिज्ञान कुंडू ने 61 रनों की लड़ाकू पारी खेली और वैभव के साथ मिलकर टीम के लिए 113 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी बनाई।

लेकिन इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के युवा ऑलराउंडर विहान मल्होत्रा की। विहान ने 107 गेंदों में नाबाद 109 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में रखा। उनकी यह पारी मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय बल्लेबाज की पहली सेंचुरी भी है। विहान ने 49वें ओवर की चौथी गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की और अंत तक टिके रहे। इससे पहले ओपनर एरॉन जॉर्ज 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वेदांत त्रिवेदी ने भी 15 रन बनाए। इसके बाद वैभव और अभिज्ञान ने मैच का टोन सेट किया और विहान ने टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाया।

विहान मल्होत्रा ने पहले भी अंडर-19 एशिया कप और इंग्लैंड टूर में शानदार प्रदर्शन कर भारत को मैच जिताने वाली पारियां दिलाई हैं। उनकी बेहतरीन फॉर्म IPL से पहले RCB के लिए भरोसे का संकेत है, जिन्होंने उन्हें 30 लाख रुपये बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया है। भारत का यह शानदार प्रदर्शन सुपर सिक्स में उम्मीदें और बढ़ा देता है और विहान के बल्ले ने भविष्य के स्टार खिलाड़ी की उम्मीदें जगाई हैं।

Next Article
हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से टूटा पाकिस्तान का सपना, दो विकेट से हारकर विश्व कप से बाहर

Articles you may like: