नई दिल्ली: भारतीय टीम को एक के बाद एक चोटों का झटका लग रहा है, जिससे विश्व कप से पहले परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा के बाद अब इस सूची में अक्षर पटेल का नाम भी जुड़ गया है। नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय अक्षर घायल हो गए और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद दूसरे मैच में उनके खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या हुआ था?
अपने ओवर के दौरान डैरिल मिचेल ने सीधा शॉट खेला। अक्षर ने उस गेंद को कैच करने की कोशिश की और बायां हाथ आगे बढ़ाया लेकिन गेंद हथेली में लगने के बजाय उनके बाएं हाथ की तर्जनी उंगली के सिरे पर लग गई। तुरंत फिजियो मैदान पर आए और अक्षर को बाहर ले जाया गया। मैदान छोड़ते समय उनकी उंगली से खून निकलता देखा गया। ओवर अधूरा छोड़ना पड़ा और अभिषेक शर्मा ने ओवर पूरा किया।
अक्षर की यह चोट चिंता का विषय है। उनकी चोट को लेकर बीसीसीआई ने अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट साझा नहीं किया है लेकिन आने वाले टी20 विश्व कप में वह टीम के उपकप्तान हैं। अगर गेंद की चोट से उनकी उंगली में फ्रैक्चर हुआ है, तो यह गंभीर चिंता की बात है क्योंकि वापसी में समय लग सकता है। फिलहाल सभी की नजरें बोर्ड की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं। हालांकि सीरीज के चार मैच अभी बाकी हैं इसलिए बीसीसीआई दूसरे मैच में उन्हें खिलाने का जोखिम नहीं लेगा।
नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में भारत ने 48 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट पर 238 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 190 रन पर सिमट गई। सीरीज का दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा।