🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पाकिस्तान का बहाना या हार के डर से भागा ? बड़बोलेपन के बाद अब ICC की बारी, जानें पूरी कहानी

भारत के साथ मैच खेलने से इनकार कर पाकिस्तान ने ICC को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है। क्या पाकिस्तान पर भारी जुर्माना और रेवेन्यू शेयर में कटौती तक की जा सकती है ? क्या पाकिस्तान हार के डर से भागा ? पढ़ें बद से बदतर होती पाकिस्तान क्रिकेट की कहानी।

By लखन भारती

Feb 02, 2026 15:01 IST

पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत से नहीं खेलने का यह फैसला अचानक नहीं आया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार काफी समय से भारत के खिलाफ मैचों को ले कर असहज दिख रही थी। आधिकारिक वजह सुरक्षा और राजनीतिक हालात बताई जा रही है, लेकिन अंदर की कहानी इससे कहीं बड़ी है। असल में यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट की कमजोर होती हालत, लगातार हार और खाली होती तिजोरी की सच्चाई भी उजागर करता है। पाकिस्तान के इस फैसले से न सिर्फ टूर्नामेंट की कमाई प्रभावित होगी, बल्कि भविष्य में पाकिस्तान की आईसीसी इवेंट्स में स्थिति और विश्वसनीयता भी खतरे में पड़ सकती है।

भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी मैच सिर्फ खेल नहीं होता, वह भावनाओं, इतिहास और राजनीति से जुड़ा होता है। 2008 के बाद से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज बंद है। सिर्फ ICC टूर्नामेंट में ही दोनों टीमें आमने सामने आती हैं। यही वजह है कि हर भारत पाकिस्तान मुकाबला दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला क्रिकेट मैच बन जाता है।

इस बार भी ICC ने मैच भारत में नहीं बल्कि न्यूट्रल वेन्यू पर रखा था ताकि पाकिस्तान सुरक्षा को लेकर कोई बहाना न बने, फिर भी पाकिस्तान ने खेलने से मना कर दिया। इससे साफ है कि मामला सिर्फ जगह या सुरक्षा का नहीं है, बल्कि फैसला पूरी तरह राजनीतिक दबाव में लिया गया है।

ICC क्या कार्रवाई कर सकता है ?

भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का मैच नहीं खेलने का फैसला उस पर बड़ी जुर्माना लगाने का कारण बन सकता है। आईसीसी उसे कोड ऑफ कंडक्ट और प्लेइंग कंडीशन के तहत दोषी ठहरा सकता है। भारत के खिलाफ मैच के उसे दो पॉइंट तो गंवाने ही पड़ेंगे, साथ ही पाकिस्तान बोर्ड पर भारी आर्थिक जुर्माना भी लगाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स और क्रिकेट नियमों के मुताबिक यह 5 से 10 मिलियन डॉलर (करीब 40 से 80 करोड़ रुपये) तक हो सकता है। इसके अलावा आईसीसी पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप के रेवेन्यू शेयर में कटौती भी करेगा और भविष्य के आईसीसी टूर्नामेंट्स में उसे बड़ा नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

संबंध जोड़ने वाला क्रिकेट बना तनाव का नया हथियार

पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रवैया और ज्यादा सख्त हुआ है। हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बयानबाजी बढ़ी है और क्रिकेट भी उसका शिकार बन गया है। भारत के खिलाड़ियों, मीडिया और आयोजनों के खिलाफ पाकिस्तान में अक्सर नकारात्मक माहौल बनाया जाता है, हालांकि पाकिस्तान में भारतीय खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में फैंस भी मौजूद हैं।

2023 एशिया कप में पाकिस्तान टीम भारत नहीं गई, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भी विवाद हुआ और अब सीधे टी20 वर्ल्ड कप में भारत से खेलने से इनकार कर दिया गया। यह सिलसिला बताता है कि पाकिस्तान खेल को रिश्ते सुधारने का जरिया बनाने की बजाय तनाव बढ़ाने का हथियार बना रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का डरावना रिकॉर्ड

अगर मैदान की बात करें तो पाकिस्तान का भारत के खिलाफ टी20 रिकॉर्ड बेहद कमजोर रहा है। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत ने पाकिस्तान को बार बार हराया है। 2007 से लेकर अब तक ज्यादातर मुकाबलों में भारत का पलड़ा भारी रहा है। 2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर पहली बार खिताब जीता। 2012, 2014, 2016 और 2022 में भी भारत ने पाकिस्तान को बड़े मुकाबलों में मात दी। पाकिस्तान की इकलौती बड़ी जीत 2021 दुबई में आई, जब उसने भारत को 10 विकेट से हराया, लेकिन वह जीत भी अपवाद बनकर रह गई।

T20 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड

आलम ये है कि किसी भी अन्य टीम से अधिक रिकॉर्ड 292 टी20 मुकाबले खेलने वाले पाकिस्तान ने इस फॉर्मेट में भारत के खिलाफ आज तक केवल 3 जीत ही दर्ज की है, 13 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। असलियत यह है कि बड़े मंच पर दबाव झेलने में पाकिस्तान बार बार फेल हुआ है। भारतीय गेंदबाजों के सामने उसके बल्लेबाज घुटने टेकते रहे हैं और भारतीय बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजी को बार बार बेनकाब किया है।

क्रिकेट एक्सपर्ट मानते हैं कि पाकिस्तान का भारत से खेलने से भागना सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि मैदान में हार के डर से जुड़ा फैसला भी है। क्योंकि भारत के खिलाफ हार सिर्फ मैच हारना नहीं होता, वह पूरे देश में सवालों और आलोचनाओं का तूफान ले आती है।

पाकिस्तान का बद से बदतर प्रदर्शन

2024 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा। अमेरिका जैसी नई टीम से हार और ग्रुप स्टेज में बाहर होना पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ा झटका था। एशिया कप और टेस्ट सीरीज में भी टीम का ग्राफ लगातार नीचे गिरा है। पाकिस्तान सुपर लीग भी पहले जैसी चमक नहीं दिखा पा रही है। विदेशी खिलाड़ी पहले जैसी दिलचस्पी नहीं दिखाते और घरेलू क्रिकेट ढांचा कमजोर होता जा रहा है। नए खिलाड़ियों को मौका तो मिल रहा है, लेकिन उन्हें न तो सही मार्गदर्शन मिल रहा है और न ही स्थिर माहौल।

Next Article
हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से टूटा पाकिस्तान का सपना, दो विकेट से हारकर विश्व कप से बाहर

Articles you may like: