आईसीसी ने टी20 विश्व कप 2026 के बाद एक और बड़ा ऐलान कर दिया है। पिछले महीने यानी फरवरी के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ कौन बनेगा, इसलिए लिए नॉमिनेशन जारी कर दिए गए हैं। इस बार जिन तीन प्लेयर्स के नाम दिए गए हैं, उसमें एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के साथ साथ यूएसए और अंग्रेज खिलाड़ी शामिल हैं। इन तीन में से विजेता कौन बनेगा, इसका ऐलान बाद में किया जाएगा।
साहिबजादा फरहान, विल जैक्स और शैडली वैन शाल्कविक के नाम शामिल
इस बार आईसीसी ने जिन तीन प्लेयर्स के नाम प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए जारी किए हैं, उसमें पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, इंग्लैंड के विल जैक्स के अलावा यूएसए के गेंदबाज प्लेयर ऑफ द मंथ केनाम हैं। साहिबजादा फरहान ने टी20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने का काम किया है। पाकिस्तानी टीम भले ही टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक नहीं पा पाई, लेकिन फरहान ने अच्छी बल्लेबाजी की। विराट कोहली ने साल 2014 के टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा 319 रन बनाए थे, तब ये रिकॉर्ड टूटा नहीं था, लेकिन इस बार साहिबजादा फरहान उनसे आगे निकलने में कामयाब हो गए। फरहान ने 383 रन अपने नाम किए, इसमें दो शतक भी शामिल रहे। पहले उन्होंने नामीबिया और उसके बाद श्रीलंका के खिलाफा शतक ठोका। ये पहला मौका है, जब किसी बल्लेबाज ने एक ही विश्व कप के एडिशन में दो शतक लगाए हों।
विल जैक्स का भी नाम इस लिस्ट में शामिल
इसके अलावा आईसीसी ने विल जैक्स को भी नॉमिनेट किया है। इंग्लैंड की टीम टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल तक पहुंची थी। जैक्स ने बैट और बॉल दोनों से अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। जैक्स ने 194 रन तो बनाए ही, साथ ही 11 विकेट भी अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। उन्हें इस बार टी20 विश्व कप में चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का भी अवार्ड दिया गया। वे ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।
शैडली वैन शाल्कविक भी दावेदार
यूएसए के गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक को भी आईसीसी ने नॉमिनेट किया है। यूएसए के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने 13 विकेट अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। उन्होंने पहले ही मैच में जहां भारत के खिलाफ चार विकेट लिए, वहीं दूसरे मैच में भी चार विकेट चटका दिए। अब देखना होगा कि कौन सा खिलाड़ी आईसीसी के इस अवार्ड को अपने नाम करने में सफलता हासिल करता है।