🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

हेलमेट हवा में उड़ा और जमीन पर गिर गए रहमानुल्लाह गुरबाज

अफगानिस्तान के बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में बेहद ही बुरी तरह चोटिल हुए जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।

By नवीन पाल, Posted by: लखन भारती

Jan 23, 2026 17:51 IST

दुबईः अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज़ रहमानुल्लाह गुरबाज़ (Rahmanullah Gurbaz) ने गुरुवार, 22 जनवरी को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले (AFG vs WI 3rd T20I) में 58 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्का ठोकते हुए 73 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच एक बेहद ही डरावनी घटना भी घटी।

दरअसल, ये पूरी घटना अफगानिस्तान की पारी के 15वें ओवर में देखने को मिली। वेस्टइंडीज के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ शमर स्प्रिंगर करने आए थे जिनकी दूसरी गेंद पर अफगानी खिलाड़ी दरवेश रसूली ने मिड ऑफ की तरफ शॉट खेला। यहां नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रहमानुल्लाह गुरबाज़ थे जो कि एक रन चुराना चाहते थे, ऐसे में उन्होंने रन लेने के लिए कुछ कदम आगे बढ़ाए।

हालांकि दूसरी तरफ से दरवेश रसूली ने तुरंत ही रन लेने से मना कर दिया जिसके बाद गुरबाज़ वापस नॉन-स्ट्राइकर एंड की तरफ भागे। यहां पर कैरेबियाई फील्डर ने रन आउट का मौका देखा और एक बेहद ही तेज थ्रो फेंका। ये एक खराब थ्रो था जो कि विकेट से काफी दूर एक बाउंस लेकर सीधा गुरबाज़ के चेहरे से टकराया।

इसके बाद गुरबाज़ का हेलमेट अपने आप ही उतरकर हवा में उड़ गया, वहीं बल्लेबाज़ को दर्द के कारण जमीन पर लेटना पड़ा। ऐसा होता देख अंपायर ने तुरंत ही मेडिकल टीम को मैदान पर बुलाया जिन्होंने गुरबाज़ की मदद की। हालांकि यहां राहत की बात ये रही कि अफगानी खिलाड़ी के गंभीर चोट नहीं आई थी और वो एक बार फिर बल्लेबाज़ी के लिए खड़े हो गए।

ऐसा रहा मैच का हाल: दुबई के मैदान पर तीसरे टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी पारी के 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 151 रन बनाए। उनके लिए कैप्टन ब्रैंडन किंग ने सबसे ज्यादा रन जोड़े, जिन्होंने 35 गेंदों पर 47 रनों की इनिंग खेली।

इसके जवाब में अफगानिस्तान के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 58 गेंदों पर 73 रन ठोके, लेकिन उन्हें दूसरी तरफ से किसी भी खिलाड़ी का साथ नहीं मिला जिस वज़ह से पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी और इस तरह वेस्टइंडीज ने ये मुकाबला 13 रनों से जीता। हालांकि ये सीरीज अफगानिस्तान ने 2-1 से जीतकर अपने नाम की है।

Next Article
हैरी ब्रूक के तूफानी शतक से टूटा पाकिस्तान का सपना, दो विकेट से हारकर विश्व कप से बाहर

Articles you may like: