मुम्बई : विश्वकप के वार्म-अप मैच में भारत ने दबदबे के साथ जीत दर्ज की। टीम ने आसानी से मुकाबला अपने नाम किया। ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की पारियों से गौतम गंभीर संतुष्ट दिखे लेकिन इस संतोष के साथ एक चिंता भी जुड़ गई - हर्षित राणा की चोट।
डीवाई पाटिल स्टेडियम में टी-20 विश्वकप के अनौपचारिक मैच में भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने थे। इस मैच में तिलक वर्मा चोट से उबरकर लौटे और अपनी फॉर्म का शानदार परिचय दिया उन्होंने साफ संदेश दिया कि वह पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि तिलक की वापसी के दिन ही हर्षित राणा की चोट ने चिंता बढ़ा दी।
हर्षित को चोट कैसे लगी?
गेंदबाजी के दौरान हर्षित राणा असहज नजर आए। वह अपनी लय में गेंद नहीं डाल पा रहे थे। एक ही ओवर में रन-अप लेते समय वह दो बार रुक गए। इसके बाद देखा गया कि हर्षित राणा घुटना पकड़कर बैठ गए और जोखिम न लेते हुए उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। हर्षित मैच में सिर्फ एक ओवर पूरा कर सके जिसमें उन्होंने 16 रन दिए।
अब तक हर्षित की चोट को लेकर बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें घुटने में समस्या हुई है। विश्वकप में भारत का पहला मैच 7 तारीख को अमेरिका के खिलाफ है। उससे तीन दिन पहले हर्षित की यह चोट चिंता का विषय बनी रहेगी।
हालांकि टीम के पास विकल्प मौजूद हैं। स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे हैं इसलिए खिलाड़ियों की कमी नहीं होगी।
मैच का हाल
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। ईशान किशन (53), अभिषेक शर्मा (24), तिलक वर्मा (45), सूर्यकुमार यादव (30), अक्षर पटेल (35) और हार्दिक पांड्या (30) ने रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 210 रन पर सिमट गई और 7 विकेट गंवाए। प्रोटियाज की ओर से सबसे ज्यादा 45 रन ट्रिस्टन स्टब्स ने बनाए। अभिषेक शर्मा ने दो विकेट लिए यह विश्वकप से पहले भारत के लिए अच्छी खबर है। इसके अलावा अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया।