नई दिल्ली: आगामी टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर चल रही सभी अटकलों पर शनिवार को विराम लग गया। भारत में खेलने नहीं आने का फैसला बांग्लादेश पहले ही जता चुका था लेकिन सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या नहीं पाए जाने के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की दलीलों को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला लिया। आईसीसी के इस निर्णय को बांग्लादेश को मजबूरन स्वीकार करना पड़ा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ कह दिया है कि वह इस फैसले को चुनौती नहीं देगा और न ही किसी कानूनी रास्ते पर जाएगा।
विश्व कप से बाहर होने पर बांग्लादेश की प्रतिक्रिया
भारत में होने वाले अपने मुकाबलों को श्रीलंका में आयोजित कराने के लिए बांग्लादेश ने आईसीसी से अनुरोध किया था। साथ ही ग्रुप बदलने का प्रस्ताव भी दिया गया था लेकिन कई बार समीक्षा और निरीक्षण के बावजूद आईसीसी को भारत में सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं मिली। इसी वजह से बांग्लादेश की मांग खारिज कर दी गई। किसी अन्य विकल्प के न बचने पर बांग्लादेश को आईसीसी का फैसला मानना पड़ा।
इस मुद्दे पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मीडिया समिति के अध्यक्ष अमजाद हुसैन ने कहा कि बोर्ड ने हरसंभव कोशिश की थी लेकिन आईसीसी बोर्ड के फैसले को हम सम्मान करते है। बोर्ड के कई सदस्यों ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि मैचों का वेन्यू बदलना संभव नहीं है। इसके बावजूद बांग्लादेश ने अपनी ओर से अनुरोध किया क्योंकि भारत में जाकर खेलना उनके लिए संभव नहीं था। जब आईसीसी ने किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया, तो बांग्लादेश के पास फैसला स्वीकार करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आईसीसी के इस फैसले को आगे चुनौती देने की कोई कोशिश नहीं की जाएगी और न ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड किसी कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेगा। अमजाद हुसैन ने दोहराया कि यह फैसला पूरी तरह बांग्लादेश सरकार के निर्देशों के अनुसार लिया गया है। टी20 विश्व कप से बांग्लादेश के बाहर होने के बाद अब स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा।