मुम्बई : टी-20 विश्व कप की टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल न किए जाने से कई लोग हैरान रह गए थे। टीम इंडिया के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मैनेजमेंट ने सिराज को बाहर रखकर जूनियर खिलाड़ियों पर भरोसा जताया था लेकिन हर्षित राणा के चोटिल होने से सिराज की किस्मत खुल गई। आख़िरी समय में उन्हें टीम में जगह मिल गई। अब इस मौके को लेकर सिराज ने खुद अपनी बात साझा की है। उन्होंने बताया कि टीम से बाहर होने के बाद उनका प्लान स्पेन जाकर ला लिगा का मैच देखने का था।
अमेरिका के खिलाफ टीम इंडिया की ओर से मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट झटके और अमेरिकी टीम की कमर तोड़ दी। मैच के बाद सिराज ने बताया कि उन्हें किस तरह आख़िरी समय में टीम में शामिल होने की सूचना मिली और उस वक्त क्या बातचीत हुई।
मैच के बाद सिराज ने कहा कि दो दिन पहले सूर्य भाई ने मुझे फोन किया और कहा कि मियां, बैग पैक करो और आ जाओ। मैंने उनसे कहा कि भाई मजाक मत करो ऐसा नहीं हो सकता। इसके बाद सूर्य भाई बोले कि मैं सच कह रहा हूँ।
सूर्यकुमार यादव के बाद भारतीय चयन समिति के सदस्य प्रज्ञान ओझा ने भी सिराज को फोन किया और उन्हें विश्व कप टीम के लिए तैयार रहने को कहा। यह फोन आने के बाद सिराज कुछ देर तक चुप बैठे रहे और फिर उन्होंने स्पेन के मैड्रिड जाने का टिकट रद्द कर दिया। सिराज ने कहा कि 15 फरवरी को ला लिगा में रियल मैड्रिड और रियल सोसिएदाद के बीच मैच है उसे देखने जाने का प्लान था लेकिन ऊपरवाला जो लिख देता है वही होता है।
भले ही वह टी-20 फॉर्मेट में भारत के स्थायी सदस्य नहीं हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में सिराज ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उसी प्रदर्शन का उन्हें फल मिला और मौका पाकर उन्होंने खुद को साबित भी कर दिया।