गुरुवार की शाम को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को अचानक अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद ही तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को राष्ट्रपति ने पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया। लेकिन सिर्फ पश्चिम बंगाल ही नहीं बल्कि गुरुवार की शाम को राष्ट्रपति भवन से 9 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के राज्यपालों को बदलने की घोषणा की गयी।
विधानसभा चुनावों से ठीक पहले की गयी इस घोषणा से राजनैतिक गलियारों में काफी हलचल मच गयी है। जिन राज्यों केंद्र शासित प्रदेश के राज्यपालों को बदला गया है कि उनमें से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु ऐसे दो राज्य हैं जहां इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
कौन से राज्यों व प्रदेशों के राज्यपालों को बदला गया?
राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक,
दिल्ली के वर्तमान उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत के पूर्व राजदूत तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
लद्दाख के उपराज्यपाल कविन्दर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है।
हिमाचल प्रदेश के वर्तमान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
तेलंगाना के वर्तमान राज्यपाल जिश्नु देववर्मा को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
नागालैंड का राज्यपाल नंद किशोर यादव को नियुक्त किया गया है।
अवकाशप्राप्त आर्मी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सईद अटा हसनई को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है।
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को संयुक्त रूप से तमिलनाडु की जिम्मेदारी भी सौंपी गयी है।