नयी दिल्लीः दिल्ली के नौ नामी स्कूलों में बम विस्फोट की धमकी से हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच कई ई-मेल भेजे गए, जिनमें दावा किया गया कि दिल्ली के नौ प्रतिष्ठित स्कूलों में बम लगाए गए हैं। इसके बाद एहतियातन सभी स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया और मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। धमकी भरे ई-मेल में लिखा गया था कि “दिल्ली खालिस्तान बन जाएगी” और उसमें आतंकी अफजल गुरु का भी ज़िक्र किया गया।
ई-मेल में यह भी दावा किया गया कि दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर विस्फोट होगा। भेजने वाले के रूप में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम लिखा गया है। इसके अलावा 13 फरवरी को संसद में विस्फोट करने की धमकी भी दी गई है। इस पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।
धमकी वाले ई-मेल में जिन नौ स्कूलों का उल्लेख किया गया है, उनमें दिल्ली कैंटोनमेंट का लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, श्रीनिवासपुरी का कैम्ब्रिज स्कूल, सादिक नगर का इंडियन स्कूल, रोहिणी का सीएम श्री स्कूल, डीटीईए स्कूल, बाल भारती स्कूल और मानव स्थली स्कूल शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धमकी मिलते ही बम स्क्वॉड तुरंत स्कूलों में पहुंचा और यह जांच की गई कि कहीं कोई विस्फोटक तो नहीं छिपाया गया है। सभी छात्रों को घर भेज दिया गया है और शिक्षकों सहित स्कूल के सभी कर्मचारियों को भी परिसर से बाहर निकाल लिया गया है। अब तक की जांच में किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह धमकी भरा ई-मेल किसने और क्यों भेजा। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में पहले भी बम विस्फोट की धमकियां मिलती रही हैं। इससे पहले 29 जनवरी को ई-मेल के जरिए दिल्ली के पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।