मुंबईः मकोका की एक खास अदालत ने सलमान खान के घर के बाहर हुई 2024 की फायरिंग में शामिल पाँच लोगों पर आरोप तय कर दिये हैं। अभियुक्तों ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया है। इन पाँच लोगों में विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, रफ़ीक सरदार चौधरी और हरपाल सिंह शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 2024 की सुबह दो बाइक सवार विक्की गुप्ता और सागर पाल ने बांद्रा में सलमान खान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर गोलियाँ चलाई थीं। फिलहाल गुप्ता, पाल, सोनू बिश्नोई, चौधरी और हरपाल जेल में हैं। इस मामले में गिरफ्तार अनुज कुमार थापन ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी।
अदालत में कहा गया कि अभियुक्तों ने मिलकर एक आपराधिक योजना बनाई थी। उनका उद्देश्य सलमान खान की हत्या करना और मुंबई के लोगों में डर फैलाना था। हरपाल सिंह और चौधरी ने सलमान के घर की रेकी की जानकारी फरार अभियुक्तों तक पहुंचाई। लॉरेंस बिश्नोई ने शूटरों को हथियार और गोलियाँ दी थीं। अदालत ने कहा कि अभियुक्तों ने हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश और मकोका के तहत अपराध किए हैं। उन पर मुकदमा चलेगा।
लॉरेंस बिश्नोई अहमदाबाद की जेल में बंद है। उसका भाई अनमोल हाल ही में अमेरिका से भारत भेजा गया है और NIA की हिरासत में है। रावताराम स्वामी अभी भी फरार है।