जब परफ्यूम लगाने के कुछ ही मिनट बाद ही खुशबू गायब हो जाती है तो यह बहुत परेशान करने वाला होता है। परफ्यूम भले ही कितनी भी महंगी हो या लॉन्ग लास्टिंग हो लेकिन इससे कोई फायदा नहीं हो रहा है। अगर आप कुछ आसान ट्रिक्स अपनाते हैं तो आपकी पसंदीदा खुशबू पूरे दिन आपके आस-पास रहेगी। पर यह खुशबू टिकती क्यों नहीं है? आप इसे ज्यादा देर तक कैसे बनाए रख सकती हैं?
परफ्यूम की खुशबू क्यों गायब हो जाती है?
कभी-कभी परफ्यूम में बहुत ज्यादा अल्कोहल होता है। इसलिए वह जल्दी उड़ जाती है। सूखी या खुरदरी त्वचा पर खुशबू ज्यादा देर तक नहीं टिकती। अगर आपको बहुत ज्यादा पसीना आता है या आप ज्यादा देर तक खुली जगह पर रहते हैं तो परफ्यूम आस-पास की गर्मी और नमी को सोख लेता है। अगर आप इसे सही तरीके से नहीं इस्तेमाल करते हैं तब भी खुशबू ज्यादा देर तक नहीं टिक पाती है।
कैसे टिकेगी लंबे समय तक खुशबू?
नहाने के बाद लगाएं परफ्यूम
नहाने के बाद आपकी त्वचा पर थोड़ी नमी बनी रहती है। इस समय आपके पोर्स खुले होते हैं। इसलिए परफ्यूम लगाने से यह आपकी त्वचा अच्छी तरह से सोख लेता है। इससे लंबे समय तक खुशबू बनी रहती है।
मॉइस्चराइजर लगाएं
ड्राई स्किन खुशबू को रोक नहीं पाती है। इसलिए पहले बिना खुशबू वाला मॉइस्चराइज़र या पेट्रोलियम जेली लगाएं। यह परफ्यूम के लिए एक बैरियर बनाता है और खुशबू धीरे-धीरे बाहर निकलती है।
पल्स पॉइंट्स चुनें
पल्स पॉइंट्स वे जगहें होती हैं जहां ब्लड फ्लो ज्यादा होता है। जैसे कलाई, कानों के पीछे, गर्दन के दोनों तरफ, कोहनी के क्रीज में, घुटनों के पीछे। क्योंकि ये जगहें गर्म होती हैं। इसलिए खुशबू धीरे-धीरे फैलती है।
परफ्यूम को सूखने दें
बहुत से लोग परफ्यूम को अपनी कलाई पर स्प्रे करते हैं और हाथों पर रगड़ते हैं। इससे टॉप नॉट्स टूट जाते हैं और खुशबू कम होने लगती है। इसलिए बस इसे स्प्रे करें और स्किन पर सूखने दें।
कपड़ों और बालों पर हल्का स्प्रे करें
खुशबू बालों और कपड़ों पर लंबे समय तक रहती है। लेकिन बहुत पास से स्प्रे न करें। कम से कम 8-10 इंच की दूरी से स्प्रे करें, ताकि दाग या रसायन से कोई हानि न हो।
परफ्यूम को ठीक से स्टोर करें
अगर आप इसे धूप, गर्म या नमी वाली जगहों पर रखते हैं तो खुशबू बदल जाती है और इसका असर कम हो जाता है। इसलिए परफ्यूम को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर, बोतल बंद करके रखें। परफ्यूम को अलमारी में रखना चाहिए। इसे कभी भी बाथरूम में नहीं रखें।