बीजिंग : चीन के हुबेई प्रांत में बुधवार को एक पटाखा दुकान में हुए विस्फोट में 12 लोगों की मृत्यु हो गई। राज्य मीडिया के अनुसार चंद्र नववर्ष के उत्सव के दौरान कुछ ही दिनों में यह दूसरी ऐसी घटना है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक मध्य हुबेई प्रांत के श्यांगयांग नगर में स्थित पटाखा दुकान में बुधवार दोपहर यह विस्फोट हुआ। आपातकालीन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। रिपोर्ट में बताया गया है कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
चीन में चंद्र नववर्ष के अवसर पर पटाखों का व्यापक उपयोग किया जाता है, किंतु इनके कारण कई दुर्घटनाएं भी होती रही हैं।
इससे पहले रविवार को पूर्वी जिआंगसू प्रांत में एक पटाखा दुकान में हुए अन्य हादसे में आठ लोगों की मृत्यु हो गई थी और दो लोग घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया था कि एक स्थानीय निवासी ने दुकान के निकट पटाखे जलाए, इसने एक बड़ी दुर्घटना का रूप ले लिया।
केंद्रीय सरकार ने मंगलवार को जारी एक बयान में इन खतरों को लेकर चेतावनी दी। आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय के अनुसार वसंत उत्सव के दौरान पटाखे अब भी सबसे बड़ा जोखिम बने हुए हैं।