कनाडा में भारतीय व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

दर्शन सिंह केवल व्यापारी नहीं थे बल्कि वह कनाडा में पंजाबी संस्कृति के संवाहक भी थे। पंजाबियों के लिए कई जनहित परियोजनाओं में वह दान भी करते थे।

By शमीक घोष, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Oct 29, 2025 16:33 IST

ओटावाः कनाडा में भारतीय व्यापारी की हत्या कर दी गयी। हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने स्वीकार की है। मारे गए व्यापारी का नाम दर्शन सिंह शशि (68) है। वह वास्तव में पंजाब के लुधियाना के निवासी थे। नब्बे के दशक की शुरुआत में वह कनाडा गये थे।

कनाडा पुलिस सूत्रों की खबर के अनुसार, ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड शहर में अपने घर के सामने ही पिछले सोमवार गोली लगने से दर्शन सिंह शशि की मौत हो गई। टाउन लाइन रोड पर दर्शन के घर के सामने एक ट्रक खड़ा था। ब्रिटिश कोलंबिया में स्थानीय समय सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे रिजव्यू ड्राइव इलाके में उस ट्रक के पास दर्शन खड़े थे। अज्ञात कुछ बदमाशों ने अचानक उन्हें निशाना बनाकर कई राउंड गोली चलाई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि हमलावर लगभग दो घंटे तक दर्शन के घर के सामने इंतजार कर रहे थे।

हालांकि, कनाडा पुलिस का एक सूत्र बता रहा है कि हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने ली है, लेकिन रंगदारी वसूलने की कोशिश का कोई सबूत अभी तक नहीं मिला है। लेकिन कनाडा में हाल ही में भारत विरोधी मानसिकता और रंगदारी वसूलने की घटनाएं जिस तेजी से बढ़ रही हैं, उसमें दर्शन की हत्या के पीछे रंगदारी वसूलने की कोशिश हो सकती है। ब्रिटिश कोलंबिया के पंजाबियों के कई संगठनों ने बताया है कि दर्शन सिंह केवल व्यापारी नहीं थे बल्कि वह कनाडा में पंजाबी संस्कृति के संवाहक भी थे। पंजाबियों के लिए कई जनहित परियोजनाओं में वह दान भी करते थे।

कनाडा के पंजाबी समुदाय और पंजाब के व्यापारियों ने दर्शन सिंह शशि की हत्या की तीव्र निंदा की है। सिख समुदाय के कई संगठनों की ओर से भारतीय दूतावास और कनाडा के प्रशासन से हत्या की सही जांच की मांग की गई है। व्यापारी के रिश्तेदारों ने भारतीय दूतावास से अर्जी दी है कि लुधियाना के दोराहा के पास राजगढ़ गांव में दर्शन के अंतिम संस्कार के लिए उनके शव को भेजने की व्यवस्था करें।

Prev Article
क्या शांति समझौता टूट जाएगा? नेतन्याहू ने गाजा पर हमले का आदेश दिया, व्यापक युद्ध की आशंका
Next Article
पाकिस्तान की न्यायव्यवस्था में 'गंभीर संकट', सुप्रीम कोर्ट के 2 न्यायाधीशों ने इस्तीफा दिया।

Articles you may like: