एई समय: गुवाहाटीः जलमार्ग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर दो लग्जरी क्रूज चलाने का फैसला केंद्र ने लिया है। 250 करोड़ रुपये की लागत से इन दो क्रूज के निर्माण का ठेका हुगली कोचीन शिपयार्ड को मिला है। 2027 तक ब्रह्मपुत्र नदी पर ये दो क्रूज सेवाएं शुरू हो जायेंगी। केंद्रीय बंदरगाह और जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को गुवाहाटी में 'वाटर वॉयेज नॉर्थईस्ट 2025' सम्मेलन में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्र के 'क्रूज भारत मिशन' प्रोजेक्ट के तहत 100 रिवर क्रूज टर्मिनल, 10 सी क्रूज टर्मिनल और 5 मरीना के निर्माण का काम चल रहा है। वर्तमान में 14 क्रूज ब्रह्मपुत्र नदी पर चल रहे हैं। इनमें से गुवाहाटी-डिब्रूगढ़ मार्ग अंतरराष्ट्रीय मान्यता पाने लगा है। नये विलासपूर्ण क्रूज के तैयार हो जाने पर असम का नदी पर्यटन एक नया आयाम प्राप्त करेगा। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
सोनोवाल ने कहा कि असम के नदी पर्यटन में केंद्र का यह कदम एक नये युग की शुरुआत करेगा। ब्रह्मपुत्र सिर्फ एक नदी नहीं है, यह हमारी जीवनरेखा है। आधुनिक क्रूज जहाज, टर्मिनल और जेटी के निर्माण में निवेश करके हम दुनिया भर के नदी पर्यटन केंद्रों की सूची में असम को शामिल करने जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि गंगा, ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों पर चलने के लिए विभिन्न आकार के 100 बार्ज का निर्माण जर्मन कंपनी रेनास प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। अगले साल तक बराक नदी पर चलाने के लिए 10 नये जहाजों के निर्माण की योजना बनायी जा रही है।