कोलकाता : साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल के छोटे बच्चों ने पोइला बैसाख 2026 के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बैसाखी’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम साउथ सिटी मॉल में आयोजित हुआ, जहां बंगाली नववर्ष की भावना और भारत की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला।
इस कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न त्योहारों से प्रेरित नृत्य प्रस्तुतियों का आकर्षक संगम पेश किया गया। पूरे आयोजन में रंग, परंपरा और कला का अनूठा मेल देखने को मिला, जिसने दर्शकों को भावुक और उत्साहित किया।
कक्षा 1 से 3 तक के लगभग 65 से 70 छात्रों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। बच्चों ने अपने उत्साह और प्रतिभा से मंच को जीवंत बना दिया। प्रस्तुतियों में नृत्य, संगीत, कविता पाठ और वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन शामिल था। इन प्रस्तुतियों में बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और त्योहार का उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान साउथ सिटी मॉल की पोइला बैसाख थीम पर आधारित सजावट का भी उद्घाटन किया गया। इस सजावट ने आगंतुकों को एक सांस्कृतिक और आकर्षक अनुभव प्रदान किया।
स्कूल की परफॉर्मिंग आर्ट्स और मार्केटिंग विभाग की प्रमुख महुआ चक्रवर्ती ने कहा कि बच्चों को मंच पर इतनी ऊर्जा और ईमानदारी के साथ प्रदर्शन करते देखना बेहद सुखद रहा। उन्होंने बताया कि ‘बैसाखी’ के माध्यम से पढ़ाई और उत्सव को एक साथ जोड़ने की कोशिश की गई, जिससे बच्चों को विभिन्न संस्कृतियों को समझने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिला।
इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाना और उन्हें खुशी भरे माहौल में अपनी रचनात्मकता दिखाने का मंच देना था।