आईपीएल 2026 में बीते रविवार (12 अप्रैल) 20वां लीग मैच वानखेड़े में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया। मुकाबले में बेंगलुरु ने 18 रनों से जीत दर्ज की। मैच के बीच पांड्या ब्रदर्स के बीच कोल्ड वॉर भी देखने को मिली, जिसकी चर्चा जोरों से हो रही है। टूर्नामेंट में क्रुणाल बेंगलुरु के लिए और हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं। हार्दिक मुंबई के कप्तान हैं। कथित तौर पर मैच के बाद हार्दिक और क्रुणाल ने एक दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाया। तो आइए जानते हैं कि पांड्या ब्रदर्स को लेकर पूरा माजरा क्या है.
क्रुणाल की बाउंसर और एग्रेसिव सेलिब्रेशन
मैच में एक पल आया कि जब हार्दिक बैटिंग पर और क्रुणाल गेंदबाजी पर एक दूसरे के सामने आए। हार्दिक के सामने बॉलिंग करते हुए क्रुणाल ने एक तीखा बाउंसर मारा, बात सिर्फ बाउंसर मारने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके बाद क्रुणाल ने हार्दिक को तीखी नजरों से देखा भी, जैसे अक्सर गेंदबाज करते हैं। टूर्नामेंट में इससे पहले कभी हार्दिक और क्रुणाल के बीच ऐसा देखने को नहीं मिला है।
हार्दिक को जैकब डफी ने आउट किया, जिसके बाद क्रुणाल पांड्या ने काफी एग्रेसिव सेलिब्रेशन किया। क्रुणाल ने इस सेलिब्रेशन ने भी फैंस का ध्यान खींचा। अक्सर आईपीएल में हार्दिक और क्रुणाल को एक दूसरे खिलाफ बड़े ही प्यार-मोहब्बत के साथ खेलते देखा जाता था। दोनों एक दूसरे के गले मिलते थे, एक दूसरे से हाथ मिलाते थे, लेकिन इस दफा कुछ और ही नजारे देखने को मिले।
मैच के बाद नहीं मिलाया हाथ
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि जब मैच के बाद दोनों टीम के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिला रहे थे, तब हार्दिक और क्रुणाल ने हैंडशेक नहीं किया। हालांकि यह अभी दोनों के बीच सबकुछ ठीक न होने के सिर्फ कयास हैं। हार्दिक और क्रुणाल ने इस बारे में किसी भी तरह का कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हम भी दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं होने की पुष्टि नहीं करते हैं।