कटिहारः बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। यह हादसा बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
यह दुर्घटना कोरहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कटिहार पुलिस ने बताया कि यह एक गंभीर सड़क हादसा था जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अस्पतालों में रेफर किया गया है।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एनएच-31 पर बेसगठा चौक के पास हुई इस दुर्घटना में कई लोगों की जान गई है और वे प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जल्दबाजी से बचने की अपील की।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।