राज्य में विधानसभा चुनावों की घोषणा होने ही वाली है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। इसी बीच रविवार की सुबह भाटपाड़ा नगर पालिका इलाके में गोलीबारी हुई। इस घटना से स्थानीय लोगों में आतंक फैल गया है। स्थानीय पार्षद मिली दत्ता का दावा है कि गोलीबारी के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
रविवार की सुबह 7 बजे भाटपाड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 6 के नीमबगान इलाके में स्थानीय लोगों ने गोलियों की आवाज सुनी। तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। बताया जाता है कि कुल चार राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर पायी थी कि गोलियां किसने चलाईं?
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड नंबर छह की पार्षद मिली दत्ता तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा, ‘गोलीबारी की जानकारी मिलते ही मैं मौके पर गई थी। मैं पुलिस प्रशासन से बात करूंगी। लेकिन मैं सिर्फ इतना कह सकती हूं कि यह किसी राजनीतिक परेशानी की वजह से नहीं है। इसके पीछे कोई और वजह है।’ एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आमतौर पर इस वार्ड में कोई समस्या नहीं होती है। काफी समय बाद ऐसी गोलीबारी की बात सुनने को मिली है। लोगों में दहशत हैं।
भाटपाड़ा थाने से पुलिस की एक टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाटपाड़ा में गोलियों और बमों की आवाज कोई नई बात नहीं है। इस इलाके में राजनैतिक अशांति की घटनाएं आम हैं। कई महीने पहले भी भाटपाड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 में पूर्व सांसद और भाजपा नेता अर्जुन सिंह के घर के सामने ऐसी ही एक हिंसक घटना घटी थी। दावा किया जाता है कि गोलीबारी की उस घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ था।