🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

गोलपार्क में दो पक्षों के बीच चली गोलियां, इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। मौके पर रवींद्र सरोवर थाना की पुलिस पहुंची।

By Kaushik Dutta, Posted By : Moumita Bhattacharya

Feb 02, 2026 01:27 IST

रविवार की शाम को कोलकाता के गोलपार्क इलाके में गोलीबारी की घटना से दहशत फैल गयी है। बताया जाता है कि गोलीबारी की यह घटना गोलपार्क के पंचाननतला इलाके में घटी है। दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर रवींद्र सरोवर थाना की पुलिस पहुंची।

इसके साथ ही स्थानीय पार्षद भी मौके पर पहुंचे। घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का उन्होंने आश्वासन दिया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क के पास पंचाननतला कांकुलिया रोड पर संघर्ष की यह घटना घटी है। बताया जाता है कि दो पक्षों के बीच संघर्ष के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। आरोप है कि इलाके में बमबाजी के साथ ही गोली भी चली है। दावा किया जा रहा है कि इस घटना में 2 लोग घायल हो गए हैं।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि नाराज लोगों ने काफी तोड़फोड़ भी की। पुलिस की गाड़ी पर भी हमला करने का प्रयास किया गया। बताया जाता है कि मौके पर पहुंचे तृणमूल पार्षद को घेरकर भी स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार असामाजिक तत्वों के बीच आपसी विवाद की वजह से ही यह घटना घटी है। दावा किया जा रहा है कि दोनों समूह इलाके पर अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहते थे। इस वजह से ही इलाके में हंगामा शुरू कर दिया।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस का घेराव कर स्थानीय निवासियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इलाके की महिलाओं ने सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इलाके के CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Next Article
बालीगंज स्टेशन फ्लाईओवर से ट्रेन पर कूदा युवक, झूलसा, सेवा बाधित

Articles you may like: