रविवार को चुनाव आयोग ने SIR के काम में अनियमितता के आरोप में राज्य के 7 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। इस बात को लेकर शुरू हुआ हंगामा अभी तक रुका भी नहीं था कि अब 3 माइक्रो ऑब्जर्वर को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार तीनों माइक्रो ऑब्जर्वर ही उत्तर 24 परगना जिले के हैं।
माइक्रो ऑब्जर्वर को लेकर पहले भी कई बार आरोप लगाया जा चुका था कि वे अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में निर्देशिका में यह कहा गया था कि अगर माइक्रो ऑब्जर्वर ठीक तरह से काम नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ चुनाव आयोग कदम उठा सकता है। इसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी के ऑफिस ने 3 माइक्रो ऑब्जर्वर को सस्पेंड करने का फैसला लिया।
abp आनंद की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जिन 3 माइक्रो ऑब्जर्वर को सस्पेंड किया गया है उनमें बैंक के 2 मैनेजर और एक आयकर अधिकारी शामिल है।
मिली जानकारी के अनुसार काम में लापरवाही के साथ-साथ आरोप है कि ये तीनों बिना बताए ही गायब हो गए थे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने SIR के काम में अनियमितता बरती। अब तक यहीं सवाल उठ रहा था कि चुनाव आयोग सिर्फ राज्य सरकार के कर्मचारियों के खिलाफ ही कदम उठा रहा है।
लेकिन इस बार माइक्रो ऑब्जर्वर के खिलाफ चुनाव आयोग ने कार्रवाई की है, जो केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं। कुछ दिनों पहले ही चुनाव आयोग की ओर से माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गयी थी। इन्हें 2 चरणों में प्रशिक्षण भी दिया गया था। हर जगह पर सुनवाई के दौरान शुरुआत में यहीं मौजूद रहते थे।