वाराणसी: उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति को अपने 31 वर्षीय सहकर्मी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि सहकर्मी ने धोखे से उसे बीफ खिलाया था और बाद में इस बात को लेकर बार-बार उसका मजाक उड़ाया, जिससे नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची।
अभियुक्त की पहचान विरेंद्र के रूप में हुई है, जो सोलापुर थाना क्षेत्र का निवासी है। सिंधोरा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विरेंद्र को शनिवार रात उसके मामा के घर से गिरफ्तार किया गया। मृतक आफताब आलम, जो बिहार का रहने वाला था, उसका शव 8 जनवरी को महागांव गांव में संदिग्ध हालात में मिला था। पुलिस के अनुसार शव के मुंह और नाक से खून निकल रहा था।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के परिवार द्वारा संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आफताब के बैंक खातों की पड़ताल में पता चला कि उसके खाते से विरेंद्र के खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए थे। इसके अलावा एटीएम के सीसीटीवी फुटेज में भी विरेंद्र को आफताब के साथ देखा गया। पूछताछ में विरेंद्र ने बताया कि वह और आफताब बेंगलुरु में साथ काम करते थे। उसी दौरान आफताब ने कथित तौर पर बिना बताए उसे बीफ खिला दिया था और बाद में दोस्तों के सामने उसे इस बात को लेकर चिढ़ाया करता था। इसी अपमान के चलते उसने बदला लेने की योजना बनाई।
7 जनवरी को विरेंद्र ने आफताब को अपने घर बुलाया और फिर एक साथी के साथ उसे महागांव के एक सुनसान इलाके में ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। अगले दिन उसने आफताब के मोबाइल से जुड़े बैंक खाते से अपने खाते में पैसे ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी, मृतक का आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस अब सह- अभियुक्त की तलाश में जुटी है।