भुवनेश्वर: ओडिशा के ढेंकानाल जिले की एक पत्थर खदान में हुए भीषण विस्फोट में अब तक दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मलबे के नीचे कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। यह घटना शनिवार देर रात गोपालपुर गांव की पत्थर खदान में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच चुके हैं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, खदान में अवैध रूप से पत्थर निकालने का काम चल रहा था। रात के समय अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। घटनास्थल के वीडियो फुटेज में विस्फोट के कारण बना एक बड़ा गड्ढा दिखाई दे रहा है, जिसमें कई बड़े पत्थर फंसे हुए हैं। आसपास कई मजदूर घायल अवस्था में पड़े मिले। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है हालांकि हताहतों की सही संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
यह भी स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट के समय खदान में कितने मजदूर काम कर रहे थे लेकिन खदान के भीतर मिट्टी और पत्थर धंसने के कारण कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि इस खदान को 8 सितंबर 2025 को बंद करने के आदेश दिए गए थे लेकिन आदेश की अनदेखी कर काम जारी रखा गया था। आपदा प्रबंधन बल और दमकल विभाग की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। मौके पर कुल सात रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि खदान के अंदर भारी पत्थर गिरे हुए हैं, जिन्हें हाथ से हटाना संभव नहीं है इसलिए भारी मशीनरी और स्निफर डॉग की मदद ली जा रही है।