धेनकानालः ओडिशा के धेनकानाल ज़िले में मंगलवार को जंगल में जंगली हाथियों के हमले में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सदर रेंज के अंतर्गत पटपुरी वन क्षेत्र के लोचापाली गांव के पास हुई।
छहों महिलाएं जलावन लकड़ी इकट्ठा करने के लिए घने जंगल में गई थीं, तभी उनका सामना चार जंगली हाथियों से हो गया।
घायलों में से एक महिला ने बताया, “हाथी अचानक हमारे सामने आ गए और बिना किसी उकसावे के हमला कर दिया।”
वन विभाग की गश्ती टीम ने तुरंत महिलाओं को बचाया, लेकिन तब तक तीन महिलाओं की मौत हो चुकी थी। प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) सुमित कुमार कर ने पीटीआई को बताया कि मृतकों की पहचान इंदु प्रधान (60), तुनी बेहेरा (50) और कुंतला प्रधान (40) के रूप में हुई है। पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। रामा देहुरी, रस्मिता प्रधान और झिली प्रधान का ज़िला मुख्यालय अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।