नई दिल्ली : डेविस कप खिलाड़ी करण सिंह और युवा प्रतिभा मानस धामने को एटीपी दिल्ली ओपन के मुख्य ड्रॉ सिंगल्स में वाइल्ड कार्ड दिया गया है। टूर्नामेंट सोमवार से यहां डीएलटीए कॉम्प्लेक्स में शुरू होगा।
दिल्ली लॉन टेनिस एसोसिएशन (डीएलटीए) ने मुख्य ड्रॉ के लिए दिग्विजय प्रताप सिंह को भी वाइल्ड कार्ड प्रदान किया है। दिग्विजय हाल ही में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए डेविस कप मुकाबले में भारतीय टीम के रिजर्व सदस्य थे। इसके अलावा चार खिलाड़ियों को क्वालिफाइंग राउंड के लिए वाइल्ड कार्ड दिए गए हैं।
करण सिंह को यह मौका बेंगलुरु में खेले गए डेविस कप मुकाबले में भारत की जीत में उनकी अहम भूमिका के चलते मिला है। वहीं 18 वर्षीय मानस धामने को भारतीय टेनिस की सबसे उज्ज्वल युवा प्रतिभाओं में से एक माना जाता है।
डीएलटीए के अध्यक्ष रोहित राजपाल ने विज्ञप्ति में कहा कि करण सिंह और दिग्विजय प्रताप सिंह ने हालिया डेविस कप अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया और यह वाइल्ड कार्ड उनकी उपलब्धियों की सराहना है। उन्होंने कहा कि मानस धामने जैसे उभरते खिलाड़ियों को दिल्ली ओपन जैसे बड़े मंच पर अवसर देना जरूरी है ताकि वे उच्च स्तर पर अनुभव हासिल कर सकें।
डीएलटीए ने नितिन कुमार सिन्हा, इशाक इकबाल, उदित कंबोज और डेनिस येवसेयेव को क्वालिफाइंग सिंगल्स के लिए वाइल्ड कार्ड प्रदान किया है। ये खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने के लिए क्वालिफाइंग मुकाबलों में भाग लेंगे।