कोलकाता : इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को ईडन गार्डन्स में एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम हार की हैट्रिक से बचने के लिए मैदान पर उतरेगी। वहीं पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है।
अभी तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो पंजाब की स्थिति काफी मजबूत है। टीम ने दो मैच जीतकर चार अंक हासिल किए हैं और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। दूसरी ओर केकेआर लगातार दो मैच हारकर नौवें स्थान पर खिसक गई है। ऐसे में घरेलू टीम पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है।
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे की स्ट्राइक रेट चिंता का विषय बनी हुई है। उपकप्तान रिंकू सिंह भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी फॉर्म से जूझ रहे हैं। टीम के लिए एकमात्र राहत तेज गेंदबाज ब्लेसिंग्स मुजरबानी हैं जिन्होंने पिछले मैच में चार विकेट लेकर प्रभाव डाला था।
दूसरी तरफ पंजाब किंग्स ने पिछले सीजन से ही अपना खेल पूरी तरह बदल लिया है। कोच रिकी पोंटिंग के मार्गदर्शन में टीम ने आक्रामक और आधुनिक टी-20 रणनीति अपनाई है। युवा भारतीय खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया के कूपर कनोली भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने लगातार दो मैचों में अच्छा योगदान दिया है।
पंजाब के ओपनर प्रभसिमरन सिंह और प्रियंश आर्य ने तेज शुरुआत देकर टीम को मजबूती दी है। दोनों ने पिछले मैच में महज 4.2 ओवर में 61 रन जोड़े थे। इसके बाद मिडिल ऑर्डर में कप्तान श्रेयस अय्यर टीम को संभालते हैं।
हालांकि पंजाब के सामने एक बड़ी समस्या भी है। टीम लगातार धीमी ओवर गति के कारण जुर्माना झेल रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर पर दो मैचों में 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है जबकि अन्य खिलाड़ियों पर भी मैच फीस का 25 प्रतिशत काटा गया है।
इन सबके बीच साफ है कि केकेआर के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होगा। अगर टीम को वापसी करनी है तो हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।