नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों के लिए चयनित व्यक्तियों की सूची जारी कर दी है। इस वर्ष कुल 131 लोगों को पद्म पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। इनमें भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और महिला क्रिकेट टीम की मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। दोनों ही खिलाड़ियों ने हाल ही में भारत के लिए विश्व कप जीता है और इसी उपलब्धि के सम्मान स्वरूप उन्हें यह प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान दिया जा रहा है।
2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप जीता था। इसके बाद 2025 में उनकी अगुआई में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की। रोहित शर्मा ऐसे दूसरे भारतीय कप्तान बने जिन्होंने दो आईसीसी ट्रॉफी जीतीं। इससे पहले यह उपलब्धि महेंद्र सिंह धोनी ने हासिल की थी। इसके अलावा, रोहित की कप्तानी में भारत 2023 के वनडे विश्व कप में उपविजेता भी रहा था। वहीं, हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत की सीनियर महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया। हाल ही में भारत की महिला टीम ने वनडे विश्व कप जीता, जो हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में संभव हुआ।
खेल जगत से कुल 9 हस्तियों को इस बार पद्म सम्मान दिया जाएगा। सूची इस प्रकार है:
पद्म भूषण :-
विजय अमृतराज
पद्मश्री :-
बलदेव सिंह
भगवानदास रायकवार
रोहित शर्मा
हरमनप्रीत कौर
के. पझनिवेल
प्रवीण कुमार
सविता पुनिया
व्लादिमिर मेस्त्विरिश्विली (मरणोपरांत)