नई दिल्ली: इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा के पति वी श्रीनिवासन का निधन हो गया है। शुक्रवार, 30 जनवरी की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन के समय उनकी उम्र 67 वर्ष थी। उनके निधन की खबर सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात की। पीटी उषा के परिवार की ओर से बताया गया है कि शुक्रवार सुबह श्रीनिवासन केरल के कोझिकोड स्थित अपने घर में अचानक अस्वस्थ हो गए थे। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। मृत्यु का आधिकारिक कारण अभी घोषित नहीं किया गया है हालांकि माना जा रहा है कि उनकी मृत्यु हृदयाघात से हुई है।
वी श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे। पीटी उषा की सफलता के पीछे उनका अहम योगदान रहा है। अपने पूरे करियर के दौरान वे हमेशा अपनी पत्नी के साथ खड़े रहे। खेल से संन्यास के बाद भी राजनीति और प्रशासनिक करियर में उन्होंने पीटी उषा का पूरा समर्थन किया। केरल के राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि राज्यसभा सांसद और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा के पति श्री वी श्रीनिवासन के निधन से वे शोकाकुल हैं। उन्होंने पीटी उषा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि पीटी उषा के पति वी श्रीनिवासन के निधन से वे दुखी हैं। इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं और ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हैं। पीटी उषा और वी श्रीनिवासन का विवाह वर्ष 1991 में हुआ था। वी श्रीनिवासन सीआईएसएफ में कार्यरत थे और डिप्टी एसपी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पीटी उषा और वी श्रीनिवासन का एक पुत्र है, जो पेशे से डॉक्टर है। उनका नाम उज्ज्वल विग्नेश है।