नई दिल्ली: भारतीय टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत एकदम स्पष्ट नीति के साथ की थी फॉर्म ही अंतिम शब्द है। इसी सोच के तहत पहले मैच में ओपनर और विकेटकीपर के रूप में जिम्मेदारी मिली संजू सैमस को लेकिन न्यूज़ीलैंड के खिलाफ संजू के असफल होने के बाद टीम प्रबंधन ने तेजी से फैसला बदला। शानदार लय में चल रहे ईशन किशन को टीम में शामिल कर ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया गया। इसके बाद अभिषेक शर्मा के साथ किशन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई, जिससे साफ हो गया कि चयन का एकमात्र पैमाना प्रदर्शन है।
अभिषेक की खराब फॉर्म से दबाव में भारत
अब हालात बदल गए हैं। पहले दूसरे ओपनर को लेकर संशय था, अब पहले ओपनर पर ही सवाल उठ रहे हैं। अभिषेक शर्मा लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं। महज दो सप्ताह पहले फॉर्म के आधार पर अभिषेक और किशन को चुना गया था तो क्या सुपर-आठ चरण में, जिसकी शुरुआत 22 फरवरी को भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले से होगी, फिर बदलाव देखने को मिलेगा?
क्या संजू सैमसन को मौका मिलेगा?
सैमसन और अभिषेक — दोनों 2024 में शानदार फॉर्म में थे लेकिन 2025 के अंत तक सैमसन बेंच पर चले गए, जबकि अभिषेक दुनिया के शीर्ष रैंकिंग बल्लेबाज बने। शुभमन गिल को जगह देने के लिए सैमसन को आराम दिया गया था लेकिन अभिषेक को बाहर करने का कोई कारण नहीं था। भारत के सहायक कोच मोर्ने मोर्केल ने साफ कहा है कि फिलहाल अभिषेक की जगह सैमसन को लाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि अभिषेक विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं और वह बहुत जल्द अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
क्या वॉशिंगटन सुंदर खेलेंगे?
नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में अक्षर पटेल को आराम दिया गया था। उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया ताकि उन्हें मैच का समय मिल सके। दक्षिण अफ्रीका की टीम में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं इसलिए वॉशिंगटन अहम साबित हो सकते हैं। वह पावरप्ले और मध्य ओवरों में गेंदबाजी कर सकते हैं। हालांकि बल्लेबाजी में वह अब तक अक्षर जैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। कोच मोर्केल ने कहा कि वॉशिंगटन ने अच्छा प्रदर्शन किया है और सुपर-आठ से पहले टीम को वैकल्पिक रणनीति चुनने का मौका दे रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन विकेटकीपर, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव कप्तान, अक्षर पटेल उपकप्तान, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह
बेंच: संजू सैमसन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर